‘महर्षि वाल्मीकि से माता शबरी तक, कॉन्ग्रेस-RJD को सबसे दिक्कत’: PM मोदी ने याद दिलाए ‘जंगलराज’ के 15 साल, कहा- घुसपैठियों को बाहर निकालेगा आपका वोट

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान आज भले ही जारी हो, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब दूसरे चरण के प्रचार के लिए मैदान में उतरे हैं। गुरुवार (6 नवंबर 2025) को 18 जिलों की 121 सीटों पर वोट डाले जा रहे है। अररिया (फारबिसगंज) में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले चरण के मतदान के उत्साह पर खुशी व्यक्त की और RJD के शासनकाल को ‘जंगलराज’ बताते हुए उस पर तीखा हमला किया। उन्होंने घुसपैठियों के मुद्दे और धार्मिक आस्था के अपमान को भी जोरदार तरीके से उठाया।

मतदान का उत्साह और ‘मोदी की गारंटी’

पीएम मोदी ने जनसभा की शुरुआत में पहले चरण के मतदान के प्रति उत्साह व्यक्त किया और कहा कि बिहार को विकसित बनाने के लिए वोट पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर मतदान केंद्रों पर लंबी लाइनें, खासकर माताओं, बहनों और बेटियों का बड़ी संख्या में बाहर निकलना, एक शानदार तस्वीर पेश कर रहा है।

पीएम मोदी ने मतदाताओं का अभिनंदन किया और दावा किया कि पूरे बिहार से ‘फिर एक बार NDA सरकार, फिर एक बार सुशासन की सरकार’ की आवाज आ रही है। पीएम ने नौजवानों को गारंटी दी कि ‘आपका सपना ही, मोदी का संकल्प है।’ उन्होंने RJD नेताओं को ‘माई-बाप’ और ‘शहँशाह’ मानने वाला बताते हुए कहा, “ये तो मोदी है- मेरे माई-बाप तो आप जनता-जनार्दन हैं, आप ही मेरे मालिक हैं, आप ही मेरा रिमोट कंट्रोल हैं।”

‘जंगलराज’ का 15 साल का ‘जीरो’ रिपोर्ट कार्ड

प्रधानमंत्री ने RJD के 1990 से 2005 तक के 15 साल के शासन को ‘जंगलराज’ कहकर संबोधित किया, जिसकी पहचान उन्होंने ‘कट्टा, क्रूरता, कटुता, कु-संस्कार, करप्शन और कुशासन’ बताई। उन्होंने RJD पर पूरी एक पीढ़ी का भविष्य ‘खा जाने’ का आरोप लगाते हुए 15 साल के शासन का रिपोर्ट कार्ड ‘जीरो’ में पेश किया।

पीएम मोदी ने कहा कि इन 15 सालों में बिहार में जीरो एक्सप्रेस-वे बने, कोसी नदी पर शून्य पुल बने, जीरो टूरिस्ट सर्किट विकसित हुए, जीरो स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स बने, और शून्य मेडिकल कॉलेज बने। पीएम ने बताया कि जंगलराज के उन 15 साल में न बिहार में एक भी IIT आई, न एक भी IIM।

NDA सरकार में विकास की नई रफ्तार

पीएम मोदी ने NDA सरकार के तहत हुए विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि 2014 में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद बिहार के विकास में नई तेजी आई है। उन्होंने बताया कि पटना में IIT और AIIMS, बोधगया में IIM, भागलपुर में IIIT खुला है, और दरभंगा AIIMS का काम तेजी से चल रहा है। साथ ही, बिहार में चार सेंट्रल यूनिवर्सिटी भी स्थापित की गई हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि NDA सरकार गरीबों को पक्का घर, मुफ्त अनाज-इलाज, नल से जल दे रही है, और मुद्रा योजना के तहत मदद कर रही है। किसानों के लिए राष्ट्रीय मखाना बोर्ड की स्थापना की गई है और जूट का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाकर ₹5060 किया गया है।

घुसपैठियों की चुनौती और आस्था का अपमान

प्रधानमंत्री मोदी ने घुसपैठियों के मुद्दे को एक बड़ी चुनौती बताया और कहा कि NDA सरकार पूरी ईमानदारी से ‘एक-एक घुसपैठिए की पहचान कर उसे देश से बाहर निकालने’ में जुटी है, क्योंकि ये हमारी खेती पर कब्जा करते हैं और बच्चों के काम का हक छीन लेते हैं। PM मोदी ने आरोप लगाया कि कॉन्ग्रेस और RJD घुसपैठियों को बचाने और उन्हें पिछले दरवाजे से भारत का नागरिक बनाने में जुटे हैं।

इसके अलावा, पीएम ने कॉन्ग्रेस पर आस्था का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ‘कॉन्ग्रेस के नामदार बिहार आकर छठी मईया की पूजा को ड्रामा बताते हैं,’ जो कि हमारी आस्था का अपमान है। उन्होंने RJD पर भी नामदार के इस बयान पर ताला लग जाने का आरोप लगाया। पीएम ने विश्वास जताया कि बिहार की माताएँ-बहनें समृद्ध बिहार बनाने का संकल्प ले चुकी हैं और वे जंगलराज की वापसी नहीं होने देंगी।