युवाओं के पहली बार वोटर बनने पर बाँटें मिठाई: ‘राष्ट्रीय मतदाता दिवस’ पर ‘मन की बात’ में बोले PM मोदी, जानें- स्टार्ट अप्स से भजन क्लबिंग पर क्या कहा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (25 जनवरी 2026) को साल के पहले ‘मन की बात’ कार्यक्रम में देशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने आज ‘राष्ट्रीय मतदाता दिवस’ पर बधाई देते हुए देश में वोटर बनने का उत्सव मनाने और 18 साल का होने पर खुद को मतदाता के रूप में दर्ज कराने की अपील की है। PM मोदी ने कहा, “जब भी कोई युवा पहली बार मतदाता बने तो पूरा मोहल्ला, गाँव या फिर शहर एकजुट होकर उसका अभिनंदन करे और मिठाइयाँ बाँटी जाएँ।”

स्टार्ट अप्स का गुणवत्ता पर रहे जोर: PM मोदी

इस दौरान उन्होंने स्टार्ट अप इंडिया की यात्रा को लेकर बात करते हुए कहा, “भारत में आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्ट अप इकोसिस्टम बन चुका है। लोग ऐसे क्षेत्रों में काम कर रहे हैं, जिनके बारे में 10 साल पहले तक कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। AI, स्पेस, न्यूक्लियर एनर्जी, सेमी कंडक्टर्स जैसे क्षेत्रों में कोई ना कोई भारतीय स्टार्ट अप उस काम करते हुए दिख जाएगा।”

उन्होंने गुणवत्ता (quality) पर जोर देने का आग्रह भी किया है। PM मोदी ने कहा, “भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है। भारत पर दुनिया की नजरें हैं। ऐसे समय में हम सब पर एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी भी है। वो जिम्मेदारी है, गुणवत्ता पर जोर देने की। होती है, चलती है, चल जाएगा, यह युग चला गया। आइए इस वर्ष हम पूरी ताकत से गुणवत्ता को प्राथमिकता दें।”

PM मोदी ने ‘भजन क्लबिंग’ पर की बात

प्रधानमंत्री मोदी ने भजन और कीर्तन को संस्कृति की आत्मा बताते हुए Genz के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहे ‘भजन क्लबिंग’ पर बात की है। PM मोदी ने कहा, “आज के युवाओं ने भक्ति को अपने अनुभव और अपनी जीवन-शैली में ढाल दिया है।” उन्होंने कहा, “देश के अलग-अलग शहरों में बड़ी संख्या में युवा इकट्ठा हो रहे हैं। मंच सजा होता है, रोशनी होती है, संगीत होता है, पूरा ताम-झाम होता है और माहौल किसी कॉन्सर्ट से जरा भी कम नहीं होता है। ऐसा ही लग रहा है कि जैसे कोई बहुत बड़ा कॉन्सर्ट हो रहा है लेकिन वहाँ जो गाया जा रहा होता है वो पूरी तन्मयता के साथ, पूरी लगन के साथ, पूरी लय के साथ भजन की गूंज।”

PM मोदी ने कहा, “यह खासतौर पर Genz के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। यह देखकर अच्छा लगता है कि इन आयोजनों में भजन की गरिमा और शुचिता का पूरा ध्यान रखा जाता है। भक्ति को हल्केपन में नहीं लिया जाता। ना शब्दों की मर्यादा टूटती है और ना ही भाव की।”

PM ने बताई तमसा नदी के पुनरुद्धार की गाथा

प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मन की बात’ में उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में तमसा नदी को नया जीवन दिए जाने की चर्चा की है। पीएम मोदी ने कहा, “अयोध्या से निकलकर गंगा में समाहित होने वाली यह नदी कभी इस क्षेत्र के लोगों के जन-जीवन की धुरी हुआ करती थी, लेकिन प्रदूषण की वजह से इसकी अविरल धारा में रुकावट आने लगी थी। गाद, कूड़ा-कचरा और गंदगी ने इस नदी के प्रवाह को रोक दिया था। इसके बाद यहाँ के लोगों ने इसे एक नया जीवन देने का अभियान शुरू किया। नदी की सफाई की गई और उसके किनारों पर छायादार, फलदार पेड़ लगाए गए। स्थानीय लोग कर्तव्य भावना से इस काम में जुटे और सबके प्रयास से नदी का पुनरुद्धार हो गया।”

साथ ही, प्रधानमंत्री ने कहा कि सूखाग्रस्त अनंतपुर में जन-भागीदारी से शुरू हुए ‘अनंत नीरू संरक्षणम प्रोजेक्ट’ ने 10 से अधिक जलाशयों को नया जीवन दिया है। उन्होंने बताया कि जल संरक्षण और 7,000 से ज्यादा पेड़ लगाए जाने से न सिर्फ पानी लौटा है बल्कि पूरे क्षेत्र का इकोसिस्टम भी फिर से सशक्त हुआ है।

उन्होंने देश में चल रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को लेकर कहा कि इस अभियान से आज करोड़ों लोग जुड़ चुके हैं और अब तक देश में 200 करोड़ से ज्यादा पेड़ लगाए भी जा चुके हैं।