प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (22 फरवरी 2026) को उत्तर प्रदेश के विकास को नई रफ्तार देते हुए दिल्ली-मेरठ नमो भारत रैपिड रेल के पूरे 82 किलोमीटर लंबे फुल स्ट्रेच का उद्घाटन किया। उन्होंने मेरठ मेट्रो का भी उद्घाटन किया और खुद ट्रेन में सफर कर स्कूली बच्चों व दिव्यांग बच्चों से बातचीत की। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनके साथ रहे।
मेरठ में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “विकसित भारत की कनेक्टिविटी कैसे होगी, मेरठ मेट्रो और नमो भारत का एक साथ संचालक इसकी शानदार झाँकी है।”
उन्होंने कहा, “नमो भारत और मेरठ मेट्रो के एक साथ लोकार्पण में BJP की कार्यशैली की झलक है। हमारी कार्यसंस्कृति है- जिस काम को शुरू किया जाए, उसे पूरा करने के लिए दिन-रात एक कर दिया जाए। इसीलिए अब की परियोजनाएँ पहले की तरह लटकती-भटकती नहीं है।”
उद्घाटन के बाद अब सराय काले खाँ से मेरठ के मोदीपुरम तक की दूरी मात्र 55 मिनट में तय की जा सकेगी। यह भारत की सबसे तेज सेमी हाई-स्पीड रीजनल रैपिड ट्रेन सेवा है जो 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने में सक्षम है।

इस परियोजना में महिला सशक्तिकरण पर खास ध्यान दिया गया है। नमो भारत रैपिड रेल सेवा में करीब 80 प्रतिशत ड्राइवर महिलाएं होंगी। ट्रेन में बुलेट ट्रेन जैसी आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध हैं जिसमें पूरी तरह डिजिटल ड्राइवर कंसोल, प्रीमियम कोच, चार्जिंग पॉइंट, ब्लाइंड पर्दे और फुटरेस्ट शामिल हैं।
महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए अलग कोच बनाए गए हैं। यात्रियों के लिए सामान रखने की पर्याप्त जगह, खड़े यात्रियों के लिए अतिरिक्त स्पेस और पानी की बोतल रखने की व्यवस्था की गई है।

सराय काले खाँ स्टेशन को आधुनिक मल्टी-इंटीग्रेटेड ट्रांजिट हब के रूप में विकसित किया गया है। यहाँ स्मार्ट टिकटिंग वेंडिंग मशीनें और QR कोड आधारित टिकटिंग की सुविधा है। स्टेशन पर छह प्लेटफॉर्म बनाए गए हैं ताकि भविष्य में दिल्ली-अलवर और दिल्ली-करनाल रैपिड रेल को भी इससे जोड़ा जा सके।

