पश्चिम बंगाल में नए सीएम शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में एक भावुक दृश्य देखने को मिला। समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे ही मंच पर पहुँचे, उसी दौरान उन्होंने मंच पर मौजूद एक बुजुर्ग व्यक्ति को गले लगाया, उनके चरण स्पर्श किए और काफी देर तक उनसे आत्मीयता से बातचीत करते रहे।
#WATCH | Kolkata | PM Modi felicitates and takes blessings of Makhanlal Sarkar, one of the most senior workers of the BJP in West Bengal.
— ANI (@ANI) May 9, 2026
In 1952, Makhanlal Sarkar was arrested in Kashmir while accompanying Syama Prasad Mukherjee during the movement to hoist the Indian… pic.twitter.com/gpmLISKYZ5
पीएम मोदी ने लिया 98 साल के वरिष्ठ कार्यकर्ता माखनलाल सरकार का आशीर्वाद
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल बीजेपी के वरिष्ठ कार्यकर्ता माखनलाल सरकार से मुलाकात की। 98 वर्षीय माखनलाल सरकार लंबे समय से राष्ट्रवादी विचारधारा और संगठन से जुड़े रहे हैं। पीएम मोदी ने मंच पर पहुँचते ही पहले उन्हें गले लगाया, फिर उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
इस दृश्य ने समारोह की राजनीतिक चर्चा के बीच भावनात्मक माहौल पैदा कर दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, माखनलाल आजादी के बाद राष्ट्रवादी आंदोलनों से सक्रिय रूप से जुड़े रहे थे। वर्ष 1952 में वे जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ कश्मीर में तिरंगा फहराने के आंदोलन में शामिल हुए थे। आंदोलन के दौरान उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था।
बीजेपी संगठन को मजबूत करने में निभाई बड़ी भूमिका
BJP के गठन के बाद वर्ष 1980 में माखनलाल को पश्चिम दिनाजपुर, जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग जिलों का संगठन समन्वयक बनाया गया था। पार्टी के अनुसार उन्होंने महज एक वर्ष के भीतर करीब 10 हजार नए सदस्यों को संगठन से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई थी। इसके बाद 1981 से लगातार सात वर्षों तक उन्होंने जिला अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी सँभाली।
उस दौर में किसी नेता का इतने लंबे समय तक एक ही संगठनात्मक पद पर बने रहना बेहद असाधारण माना जाता था। शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान पीएम मोदी और माखनलाल सरकार की मुलाकात अब राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बन गई है।

