PM मोदी ने किया काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर का भूमि पूजन, 2 अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी: जानें- कैसे असम के लिए वरदान बनेगा ₹6957 करोड़ का प्रोजेक्ट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (18 जनवरी 2026) को काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना का भूमिपूजन कर वन्यजीव संरक्षण और आधुनिक परिवहन के संतुलन का संदेश दिया। इसके अलावा पीएम ने दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाई। पीएम मोदी दो दिवसीय दौरे पर असम पहुँचे हैं और आज उनके दौरे का दूसरा दिन है।

काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर का भूमिपूजन

रविवार (18 जनवरी 2026) को प्रधानमंत्री मोदी नगाांव जिले के कालीआबोर पहुँचे, जहाँ उन्होंने काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना का भूमिपूजन किया और जनसभा को संबोधित किया। यह परियोजना NH-715 (पुराना NH-37) पर काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के दक्षिणी किनारे से होकर गुजरेगी।

कुल 85.675 किलोमीटर लंबी कालीआबोर-नुमालीगढ़ परियोजना में से 34.5 किलोमीटर हिस्सा एलिवेटेड कॉरिडोर का होगा, जिससे जानवर सड़क के नीचे से सुरक्षित गुजर सकेंगे। इस सड़क पर हर साल 30 से ज्यादा वन्यजीव हादसों का शिकार होते थे, खासकर मानसून के दौरान जब जानवर ऊँचाई वाले कार्बी आंगलोंग पहाड़ों की ओर जाते हैं।

एलिवेटेड कॉरिडोर नौ प्रमुख वन्यजीव गलियारों को कवर करेगा। इसके बनने से कालीआबोर से नुमालीगढ़ की यात्रा का समय 150 मिनट से घटकर करीब 50 मिनट रह जाएगा। परियोजना की लागत 6,957 करोड़ रुपए है और इसे NHAI द्वारा EPC मोड में क्रियान्वित किया जा रहा है। वन्यजीव संस्थानों से सभी जरूरी मंजूरी पहले ही मिल चुकी है।

सांस्कृतिक रंग में रंगा गुवाहाटी

दौरे के पहले दिन शनिवार (17 जनवरी 2026) शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुवाहाटी के सरुसजाई स्टेडियम पहुँचे, जहाँ उन्होंने ‘बागुरुम्बा धवू 2026’ सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस मौके पर बोडो समुदाय के 10,000 से अधिक कलाकारों ने एक साथ पारंपरिक बागुरुम्बा नृत्य की भव्य प्रस्तुति दी।

यह नृत्य प्रकृति से प्रेरित है और शांति, आनंद व मानव-प्रकृति के सामंजस्य का प्रतीक माना जाता है। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि यह आयोजन असम की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय मंच पर स्थापित करता है।

कनेक्टिविटी और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

यह कॉरिडोर नागांव, गोलाघाट और कार्बी आंगलोंग जिलों को जोड़ता है और गुवाहाटी से जोरहाट, डिब्रूगढ़ व तिनसुकिया तक यात्रा को आसान बनाएगा। साथ ही यह पीएम गति शक्ति मास्टर प्लान के 10 प्रमुख नोड्स को जोड़ने में मदद करेगा।

परियोजना से काजीरंगा नेशनल पार्क, देओपहार पुरातात्विक स्थल, काकोचांग झरना, बाबा थान, महामृत्युंजय मंदिर और हातिमुरा मंदिर जैसे पर्यटन व धार्मिक स्थलों तक पहुँच भी सुगम होगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि एलिवेटेड कॉरिडोर के नीचे की मौजूदा सड़क पर्यटकों के लिए खुली रहेगी, जबकि भारी ट्रकों को वहाँ जाने की अनुमति नहीं होगी।

दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने दौरे के दौरान पूर्वोत्तर को उत्तर भारत से जोड़ने वाली दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाई। एक ट्रेन कामाख्या (गुवाहाटी) से रोहतक के लिए और दूसरी डिब्रूगढ़ से लखनऊ के गोमती नगर के लिए शुरू की गई। इन ट्रेनों से यात्रियों को सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक रेल सेवा मिलेगी।