‘पूरब का स्वर्ग सिक्किम… नॉर्थ ईस्ट भारत की अष्टलक्ष्मी’: 50वीं वर्षगाँठ पर PM मोदी ने राज्य को दी ₹4000 करोड़ की सौगात, कहा- कॉन्ग्रेस ने विकास में बाधा डाली

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार (28 अप्रैल 2026) को सिक्किम की 50वीं वर्षगाँठ पर आयोजित कार्यक्रम के समापन समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान पीएम मोदी ने सिक्किम के लिए ₹4000 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर पीएम मोदी ने नॉर्थ ईस्ट को भारत की ‘अष्टलक्ष्मी’ बताया। उन्होंने युवा चैंपियनों के साथ मैदान पर फुटबॉल भी खेली।

इस दौरान गंगटोक स्थित पालजोर स्टेडियम में समापन समारोह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा,”सिक्किम के रंग ही निराले हैं। पूरब का स्वर्ग सिक्किम, आर्किड्स का गार्डन सिक्किम। इसका अप्रतिम सौंदर्य, यहाँ की शांति, यहाँ का आध्यात्मिक आनंद, ये अनुभूति बड़े सौभाग्य से मिलती है।” उन्होंने यह भी कहा, सिक्किम के लोगों से मिलना मुझे हमेशा एक अलग सुकून देता है। आपकी सौम्यता, आपकी सादगी, आपके चेहरों की मुस्कान अद्भुत है।”

सिक्किम और नॉर्थ ईस्ट भारत की अष्टलक्ष्मी: PM मोदी

सिक्किम की विशेषताएँ बताते हुए पीएम मोदी ने कहा, “सिक्किम और नॉर्थ ईस्ट हमारे लिए केवल देश का एक अहम हिस्सा ही नहीं है, बल्कि ये भारत की अष्टलक्ष्मी है। नॉर्थ ईस्ट हिंदुस्तान की अष्टलक्ष्मी है, इसलिए हम ‘एक्ट ईस्ट’ की पॉलिसी पर तो काम कर रहे हैं, साथ ही हमने नॉर्थ ईस्ट के लिए ‘एक्ट फास्ट’ का संकल्प भी लिया है।

भारत की सबसे बड़ी पर्यटक अर्थव्यवस्था सिक्किम: PM मोदी

पीएम मोदी ने कहा, “हमारे सिक्किम की बहुत बड़ी ताकत उसकी टूरिज्म इकोनॉमी है। सिक्किम का कुल क्षेत्रफल देश के कुल क्षेत्रफल का 1% से भी कम है। लेकिन, देश की 25% से भी ज्यादा फ्लोरल डायवर्सिटी हमारे सिक्किम में मिलती है।”

उन्होंने यह भी कहा, “सरकार सिक्किम की कनेक्टिविटी और यहाँ इंफ्रास्ट्रक्चर पर सबसे ज्यादा फोकस कर रही है। बीते वर्षों में यहाँ सैंकड़ों किलोमीटर हाईवे का निर्माण हुआ है। गाँव-गाँव तक सड़कों को पहुँचाने के लिए तेजी से काम चल रहा है।”

सिक्किम ने खेल में दिखाई प्रतिभा: PM मोदी

सिक्किम में खेलों पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “सिक्किम के लिए संभावनाओं का एक और आसमान स्पोर्ट्स में भी है। यहाँ के युवाओं ने स्पोर्ट्स में अपनी क्षमता और प्रतिभा को बड़े बड़े मंचो पर साबित किया है। फुटबॉल, बॉक्सिंग, आर्चरी जैसे खेलों में यहां से निकले खिलाड़ियों ने सिक्किम और देश का नाम रोशन किया है।”

उन्होंने आगे कहा, “इन प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हम खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे मूवमेंट चला रहे हैं। यहाँ की स्टेट स्पोर्ट एकेडमी को भी पुनर्जीवित किया गया है। सिक्किम प्रीमियर लीग जैसी स्पोर्ट्स इवेंट को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा संख्या में खिलाड़ियों को खेलने का मौका मिले, उनके खेलने में सुधार आए।”

कॉन्ग्रेस सरकार ने सिक्किम के विकास में बाधा खड़ी की: PM मोदी

पीएम मोदी ने कहा, “सिक्किम के लिए BJP की सरकार जो अब कर रही है उसे बहुत पहले कर लिया जाना चाहिए था लेकिन कॉन्ग्रेस की सरकारों ने इस राज्य के विकास में लगातार बाधा खड़ी करती रहीं।” पीएम ने उदाहरण देते हुए कहा कि सिवोक-रागपो रेलवे लाइन की मंजूरी 2008-09 में मिली लेकिन बावजूद इसके जमीन पर कोई काम नहीं हुआ, लेकिन केंद्र में BJP की सरकार जब आई तो सिक्किम में विकास कार्यों ने गति पकड़ी और सिक्किम में पहली बार रेल पहुँचने वाली है।