बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर समस्तीपुर में शुक्रवार (24 अक्टूबर 2025) को पीएम नरेंद्र मोदी की बड़ी रैली हुई। हजारों लोग जुटे और मोदी ने जोरदार भाषण दिया। उन्होंने कहा कि NDA यानी विकास और सुशासन की पक्की गारंटी है। बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में NDA सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ देगी। इस बार बिहार NDA को अब तक का सबसे बड़ा जनादेश देगा।
पीएम मोदी ने पुराने जंगलराज को याद दिलाया। पीएम मोदी ने कहा कि पहले दलितों और अति पिछड़ों को न्याय नहीं मिलता था। थाने के दरवाजे बंद रहते थे। नक्सल और माओवादी आतंक फैला था। डेढ़ दर्जन से ज्यादा जिले प्रभावित थे। लोग दिन में बाहर निकलने से डरते थे। माओवादी मार डालते थे। लेकिन 2014 में केंद्र में NDA आई तो संकल्प लिया कि बिहार को माओवादी आतंक से मुक्त कराएँगे। आज कह सकता हूँ कि माओवाद की कमर टूट गई है। जल्द ही पूरा बिहार और देश इससे मुक्त हो जाएगा।
पीएम मोदी ने RJD और कॉन्ग्रेस पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि ये लोग बदमाशों को टिकट दे रहे हैं। उनके प्रचार में छर्रा, कट्टा, दूनाली और उठा लेने की धमकियाँ हैं। जंगलराज की याद दिलाते हैं। बिहार वालों सावधान रहो, इस बार जंगलराज वालों का डिब्बा गोल करो। जब हर हाथ में लाइट है तो लालटेन की क्या जरूरत?
मंच से पीएम मोदी ने विकास की बातें भी कीं। उन्होंने कहा कि बिहार में पहले मछली बाहर से आती थी, जबकि पानी की कमी नहीं है राज्य में। ऐसे में NDA ने मत्स्य योजना शुरू की, किसान क्रेडिट कार्ड दिया। अब दस साल में मछली उत्पादन दोगुना हो गया है। इसी का नतीजा है कि बिहार दूसरे राज्यों को मछली भेज रहा है। हर कोने में विकास चल रहा है-सड़क, बिजली, पानी, इंटरनेट, गैस कनेक्शन। ये सिर्फ सुविधा नहीं, सशक्तिकरण हैं।
पीएम मोदी ने जननायक कर्पूरी ठाकुर का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जननायक कर्पूरी जी स्थानीय भाषा में पढ़ाई के हिमायती थे। NDA ने नई शिक्षा नीति में लोकल भाषा पर जोर दिया। गरीब का बेटा अपनी भाषा में पढ़ सकता है। पक्का घर देना गरीब की सेवा है। आपका आशीर्वाद हमारी शक्ति है।
पीएम श्री @narendramodi ने आज बिहार के समस्तीपुर स्थित कर्पूरी ग्राम में जननायक 'भारत रत्न' स्वर्गीय कर्पूरी ठाकुर जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। pic.twitter.com/bthGwhrktJ
— BJP (@BJP4India) October 24, 2025
पीएम मोदी ने कहा कि हम कर्पूरी ठाकुर की प्रेरणा से सुशासन को समृद्धि में बदल रहे हैं। लेकिन RJD-कॉन्ग्रेस वाले घोटालों में जमानत पर हैं। चोरी की आदत है, अब जननायक की उपाधि चुरा रहे हैं। बिहार वाले ये अपमान नहीं सहेंगे।
उन्होंने कहा, लोकतंत्र का महापर्व शुरू हो चुका है। बिहार कह रहा – फिर एक बार NDA सरकार। 2005 में जंगलराज से मुक्ति मिली थी। कॉन्ग्रेस-RJD ने केंद्र में बिहार के विकास में रोड़े अटकाए। बदला लिया कि NDA को क्यों चुना। लेकिन अब बिहार विकास की राह पर है।

