हनुमान मंदिर के सभा मंडप का पिलर-छत गिरा, 5 की मौत की खबर: मलबे में 20+ श्रद्धालुओं के फँसे होने की आशंका, महाराष्ट्र के परभणी की घटना

महाराष्ट्र के परभणी जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। परभणी तालुका के यशवाडी गाँव में स्थित हनुमान मंदिर परिसर में शनिवार (20 जून) दोपहर करीब 3 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ निर्माणाधीन सभा मंडप का पिलर और छत का एक हिस्सा अचानक गिर गया, जिसमें 5 श्रद्धालुओं की मौत की खबर सामने आई है।

इस हादसे में कई लोग घायल भी बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, मलबे के नीचे करीब 10 से 20 श्रद्धालुओं के दबे होने की गंभीर आशंका है। कई मीडिया रिपोर्ट्स में मलबे में दबे श्रद्धालुओं की संख्या 40 बताई गई है।

हादसे के वक्त मंदिर परिसर में काफी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। छत गिरते ही इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और आपातकालीन टीमें तुरंत मौके पर पहुँच गईं।

स्थानीय नागरिकों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। मलबे को हटाकर फँसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने पर पूरा जोर दिया जा रहा है। घायल लोगों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुँचाने के लिए मौके पर कई एम्बुलेंस तैनात की गई हैं।