राजनीति में शिक्षा के नाम पर विरोधियों पर लगातार हमलावर बिहार की जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर एक इंटरव्यू में उनकी शैक्षिक योग्यता से जुड़ा सवाल पूछे जाने पर इंटरव्यू छोड़कर चले गए। प्रशांत किशोर का यह इंटरव्यू ABP न्यूज की राजनीति संपादक मेघा प्रसाद ले रही थीं।
जब भाग खड़े हुए प्रशांत किशोर
दरअसल, मेघा प्रसाद ने प्रशांत किशोर द्वारा उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और आरजेडी के नेता तेजस्वी यादव पर उठाए जाने वाले शैक्षिक योग्यताओं के प्रश्नों को लेकर सवाल पूछा था। मेघा ने सम्राट और तेजस्वी का जिक्र कर जब प्रशांत किशोर से उसकी शैक्षिक योग्यता जाननी चाहिए तो प्रशांत भड़क गए।
प्रशांत ने मेघा से कहा,”क्या आपने सम्राट चौधरी से सवाल पूछा।” इस पर मेघा ने कहा, “हमने सवाल पूछा है और वो इंटरव्यू पब्लिक हो चुका है।” इसके बाद प्रशांत मेघा के साथ बहस में उलझ गए। मेघा ने कई बार उनसे सवाल पूछने की कोशिश की तो वो लगातार टालमटोल करते रहे।
प्रशांत ने इसके बाद कहा, “मैंने आपको आधा घंटा दिया था, अब मैं यह इंटरव्यू जारी नहीं रखना चाहता हूँ। मेरे चार और इंटरव्यू हैं।” उन्होंने कहा कि वह अब आगे कोई सवाल नहीं लेना चाहते हैं। मेघा ने कहा कि उनका आधा घंटा नहीं हुआ है।
मेघा ने इसके बाद कहा, “मैं आपकी शैक्षिक योग्यताओं पर रिकॉर्ड साफ करने के लिए कह रही हूँ।” प्रशांत ने इसके बाद कहा, “मैं आपके किसी सवाल का जवाब नहीं देना चाहता हूँ।” मेघा ने कहा कि आप शैक्षिक योग्यताओं से जुड़े सवालों के जवाब देंगे। इस पर प्रशांत किशोर भड़क गए। उन्होंने कहा, “मैं फेल हूँ, मैंने पढ़ाई नहीं की है।”
इसके बाद प्रशांत किशोर ने मेघा प्रसाद से कहा कि आप कोई एजेंडा लेकर आए हैं और वे इंटरव्यू छोड़कर चले गए।
बीजेपी ने भी उठाए सवाल
बीजेपी की आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने भी इंटरव्यू का यह हिस्सा X पर शेयर किया है और सवाल उठाए हैं। मालवीय ने कहा, “यह इंटरव्यू उसी श्रेणी में आता है, जिसमें अर्नब गोस्वामी का राहुल गाँधी के साथ कुख्यात इंटरव्यू था।”
मालवीय ने आगे कहा, “प्रशांत किशोर, बिहार के अपने अरविंद केजरीवाल, जिन्होंने बड़े-बड़े दावे कर अपनी राजनीतिक पहचान बनाई, एक बार फिर बेनकाब हो गए हैं। जब उनसे उनकी शिक्षा, वित्तीय लेन-देन (वही सवाल जो वे विपक्षी नेताओं से पूछा करते थे) और आरजेडी के तेजस्वी यादव से मुकाबला न करने के बारे में सीधे सवाल पूछे गए, तो वे एबीपी के इंटरव्यू से भाग खड़े हुए।”
यह इंटरव्यू उसी श्रेणी में आता है, जिसमें अर्नब गोस्वामी का राहुल गांधी के साथ कुख्यात इंटरव्यू था।
— Amit Malviya (@amitmalviya) October 21, 2025
प्रशांत किशोर — बिहार के अपने अरविंद केजरीवाल — जिन्होंने बड़े-बड़े दावे कर अपनी राजनीतिक पहचान बनाई, एक बार फिर बेनकाब हो गए हैं। जब उनसे उनकी शिक्षा, वित्तीय लेन-देन (वही सवाल… pic.twitter.com/ODY4KmD5Kl
यह पहला मौका नहीं है जब प्रशांत किशोर की डिग्री पर सवाल उठ रहे हों। सोशल मीडिया पर अक्सर यह बहस चलती रहती है कि प्रशांत किशोर अपनी डिग्री बताने से कतराते हैं। प्रशांत किशोर ने जब राघोपुर विधानसभा से चुनाव लड़ने से मना किया तब भी सोशल मीडिया पर ऐसे सवाल उठे कि प्रशांत किशोर दरअसल अपनी डिग्री की जानकारी सार्वजनिक करने से बचने के लिए चुनाव नहीं लड़ रहे हैं।
यह सही है कि चुनाव ना लड़ने की प्रशांत ने खुद कई वजह दी हैं लेकिन डिग्री को लेकर अक्सर उनका सवालों से बचकर भागना लोगों के मन में संदेह तो पैदा कर ही रहा था। अब इस इंटरव्यू के बाद प्रशांत डिग्री को लेकर और लोगों को निशाने पर आ गए हैं।

