खूंटे से बंधी गाय चोरी कर जंगल में काटा, माफिया अतीक के ड्रीम प्रोजेक्ट के पास मिली खाल: प्रयागराज में नूरैन-शमशेर-समीर-नजरे पर गौहत्या का आरोप

प्रयागराज के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित लखनपुर गाँव में कथित गौहत्या को लेकर हड़कंप मच गया है। यहाँ एक पशुपालक की खूंटे से बंधी गाय को रात के अंधेरे में चोरी कर लिया गया और सुबह जंगल में उसके अवशेष मिले।

इस घटना के बाद पूरे इलाके में जबरदस्त तनाव व्याप्त है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर नूरैन, शमशेर उर्फ ट्रैक्टर, समीर और नजरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।

जंगल में मिले अवशेष, तस्कर हुए फरार

पीड़ित पशुपालक ने बताया कि जब सुबह उसकी गाय गायब मिली, तो उसने आसपास काफी तलाश की। खोजते हुए वह माफिया अतीक अहमद के चर्चित ड्रीम प्रोजेक्ट ‘अलीना सिटी’ के पास स्थित जंगल में पहुँचा।

वहाँ का मंजर देखकर उसके होश उड़ गए। मौके पर गाय के गले की रस्सी, खाल और अन्य अवशेष पड़े थे। आरोप है कि पशु तस्कर मांस लेकर वहाँ से भाग निकलने में कामयाब रहे।

पुलिस की मिलीभगत के आरोप और भारी सुरक्षा

घटना से गुस्साए ग्रामीणों और पशुपालकों ने पुलिस पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। पीड़ित का आरोप है कि शहर पश्चिमी के इलाकों में गौमांस की तस्करी कथित रूप से पुलिस की मिलीभगत से फल-फूल रही है।

तनाव को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। एयरपोर्ट थाना पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।