प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर दुनिया के सबसे लोकप्रिय लोकतांत्रिक नेता बनकर उभरे हैं। अमेरिकी डेटा इंटेलिजेंस फर्म ‘मॉर्निंग कंसल्ट’ के ताजा सर्वे के अनुसार, PM मोदी 68 प्रतिशत की शानदार ग्लोबल अप्रूवल रेटिंग के साथ शीर्ष स्थान पर काबिज हैं।
यह सर्वे 2 से 8 मार्च 2026 के बीच जुटाए गए आँकड़ों पर आधारित है, जो उनकी निरंतर घरेलू लोकप्रियता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती साख को दर्शाता है। सर्वे में स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली ये-म्यूंग 62-62 प्रतिशत रेटिंग के साथ संयुक्त रुप से दूसरे स्थान पर हैं।
वहीं, पश्चिमी देशों के दिग्गज नेता इस दौड़ में काफी पीछे नजर आए। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को 39 प्रतिशत और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर को केवल 24 प्रतिशत रेटिंग मिली है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन 17 प्रतिशत रेटिंग के साथ लिस्ट में सबसे नीचे हैं।
खास बात यह है कि PM मोदी ने हाल ही में लगातार कार्यकाल के मामले में इंदिरा गाँधी को पीछे छोड़ दिया है। वे 4,079 दिनों से अधिक समय तक पद पर रहकर भारत के दूसरे सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं।

