मिडिल ईस्ट युद्ध पर PM मोदी करेंगे मुख्यमंत्रियों के साथ बड़ी बैठक, देश की सुरक्षा-रणनीतियों पर होगी समीक्षा

मिडिल ईस्ट (खाड़ी देशों) में बढ़ते युद्ध को देखते हुए केंद्र सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी सिलसिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार (27 मार्च 2026) की शाम सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एक अहम बैठक करेंगे। इस बैठक का मुख्य मकसद अंतरराष्ट्रीय हालातों के बीच देश की सुरक्षा और रणनीतियों की समीक्षा करना है।

सरकार ने साफ किया है कि देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी (LPG) की कोई कमी नहीं है। पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार, अगले 60 दिनों के लिए कच्चे तेल का स्टॉक पहले ही सुरक्षित कर लिया गया है। सभी पेट्रोल पंप सामान्य रूप से चल रहे हैं और कहीं भी तेल की किल्लत नहीं होगी, इसलिए जनता को अफवाहों पर ध्यान देने या घबराने की जरूरत नहीं है।

बैठक में ‘टीम इंडिया’ की भावना के साथ केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर चर्चा होगी। हालाँकि, जिन राज्यों में चुनाव के कारण आचार संहिता लागू है, वहाँ के मुख्यमंत्री इसमें शामिल नहीं होंगे। उनकी जगह मुख्य सचिवों से फीडबैक लिया जाएगा। सरकार का पूरा जोर आपात स्थिति से निपटने के लिए मजबूत तैयारी रखने पर है।