अमेरिका के मेन (Maine) राज्य में रविवार (25 जनवरी 2026) शाम एक गंभीर विमान हादसा हो गया। बैंगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरते ही एक प्राइवेट जेट अचानक आग की चपेट में आ गया और कुछ ही पलों में क्रैश हो गया। यह घटना स्थानीय समय के अनुसार शाम करीब 7:45 बजे हुई, जिससे एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई।
अमेरिकी विमानन नियामक फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने हादसे की पुष्टि की है। FAA के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त विमान ट्विन-इंजन टर्बो-फैन जेट बॉम्बार्डियर चैलेंजर 600 था, जिसमें कुल 8 लोग सवार थे। हादसे के तुरंत बाद विमान में भीषण आग लग गई और घटनास्थल से तेज लपटें उठती देखी गईं।
हालाँकि यात्रियों और क्रू मेंबर्स की हालत को लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है। हादसे के वक्त बैंगर और आसपास के इलाकों में हल्की बर्फबारी शुरू हो चुकी थी और पूरा मेन राज्य विंटर स्टॉर्म वॉर्निंग के तहत था, लेकिन अधिकारियों ने फिलहाल मौसम को दुर्घटना का कारण नहीं बताया है।
FAA ने कहा है कि इस दुर्घटना की विस्तृत जाँच नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) के साथ मिलकर की जाएगी। जाँच में यह पता लगाने की कोशिश होगी कि टेकऑफ के दौरान तकनीकी खराबी थी या कोई अन्य वजह इस हादसे के पीछे रही।

