4 साल की बच्ची का 65 साल के भीमराव कांबले ने किया बलात्कार, दुष्कर्म के बाद बेरहमी से सिर को पत्थर से कूचा: शव मिलने के बाद पुणे में बवाल, लोग सड़कों पर उतरे

महाराष्ट्र के पुणे जिले के भोर तालुका में नसरापुर गाँव में शुक्रवार (1 मई 2026) को एक ऐसी वारदात हुई, जो पूरे देश को झकझोर गई। चार साल की एक मासूम बच्ची छुट्टियों में अपनी नानी के घर आई थी।

दोपहर में घर के पास खेल रही थी। उसी दौरान गाँव का ही 65 वर्षीय आरोपी भीमराव कांबले उसे खाने का लालच देकर पास के तबेले (गोठा) में ले गया। वहाँ उसने बच्ची का रेप किया। उसने सबूत मिटाने के लिए बच्ची के सिर पर भारी पत्थर से कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।

आरोपी की भयावहता यहीं नहीं रुकी। इसके बाद आरोपी ने शव को गाय के गोबर के ढेर में छुपा दिया। दोपहर करीब 3 बजे बच्ची के गायब होने पर परिवार वाले और ग्रामीणों ने पूरे गाँव में तलाश करना शुरू किया। शाम तक जब कुछ पता न चला तो नजदीकी एक घर के सीसीटीवी फुटेज चेक किए गए।

फुटेज में साफ दिखा कि आरोपी बच्ची को तबेले की ओर ले जा रहा है। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। बच्ची का शव तबेले से बरामद हुआ। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जमा किए, जिसमें पत्थर, खून के धब्बे और अन्य सामान शामिल हैं।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की हत्या और POCSO एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि बच्ची के शरीर पर गंभीर यौन हिंसा के निशान थे और सिर पर गहरे चोट के निशान मिले।

शव मिलते ही गाँव में सनसनी फैल गई। बच्ची के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। नानी ने कहा, “मेरी लाडली को ऐसे सताया, जानवर भी शर्मिंदा हो जाए।”

इसके बाद सैकड़ों ग्रामीण बच्ची का शव लेकर थाने पहुँचे और आरोपी को कड़ी सजा की माँग की। उन्होंने मुंबई-बेंगलुरु हाईवे पर रास्ता रोक कर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे भारी ट्रैफिक जाम लग गया। ग्रामीण चिल्ला रहे थे, “ऐसे राक्षस को फाँसी दो!”

शाम तक चले प्रदर्शन में पुणे रूरल एसपी संदीप सिंह गिल ने मौके पर पहुँचकर ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि 15 दिनों में चार्जशीट दाखिल होगी। । एनसीपी-एसपी की सुप्रिया सुले ने भी एसपी से बात की और सख्त कार्रवाई की बात कही। उसके बाद ग्रामीण शांत हुए।

एसपी गिल ने कहा कि आरोपी को फास्ट ट्रैक ट्रायल में सजा दिलाई जाएगी। घटना पूरे महाराष्ट्र में आक्रोश पैदा कर रही है। सोशल मीडिया पर #JusticeForNasrapurGirl ट्रेंड कर रहा है।