राजस्थान के अस्पताल में इंटर्न बोली – हिजाब पहनकर ही करुँगी ड्यूटी, समर्थन में आई कॉन्ग्रेस: महिला डॉक्टर की दलील, इलाज करने वाले की पहचान जरूरी

राजस्थान के टोंक में स्थित जनाना अस्पताल (MCH) में महिला डॉक्टर और इंटर्नशिप कर रही छात्रा में हिजाब को लेकर बहस हो गई। महिला डॉक्टर ने मुस्लिम छात्रा को ड्यूटी के दौरान हिजाब पहनने से मना किया तो छात्रा भड़क गई।

जानकारी के मुताबिक, घटना शनिवार (16 अगस्त 2025) की है। मामले का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में डॉक्टर बिंदु गुप्ता इंटर्न छात्रा से कह रहीं हैं कि अस्पताल में काम करने वाले कर्मचारियों का चेहरा मरीजों को साफ दिखना चाहिए।

इस पर छात्रा जवाब देती है- ‘मैं ड्यूटी पर आते समय चेहरा दिखा दूँगी। मेरा पहचान पत्र है और क्या चाहिए?’

इस पर डॉक्टर कहती हैं, “मरीज को किसने इंजेक्शन लगाया, इसकी जानकारी मरीज को होनी चाहिए। रिएक्शन हो गया तो कैसे पता चलेगा कि किसने इंजेक्शन लगाया। हिजाब अस्पताल में नहीं पहना जा सकता है। चेहरा हर समय साफ दिखना चाहिए। इसे मजहब से न जोड़ें।

अस्पताल के MCH प्रभारी डॉक्टर विनोद परवेरिया ने बताया कि मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। छात्रा से औपचारिक बातचीत के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, कॉन्ग्रेस खुलकर मुस्लिम छात्रा के समर्थन में आ गई है।