तेलंगाना के हैदराबाद में आयोजित भाजपा के ‘इंटेलेक्चुअल मीट’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को आतंकवाद के मुद्दे पर कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों को पनाह देने वालों तक सिंधू नदी की एक बूँद भी नहीं पहुँचने दी जाएगी।
राजनाथ सिंह ने कहा, “पहलगाम आतंकी हमले के बाद, सिंधु जल संधि को निलंबित करके हमने यह संदेश दिया था कि जिनके आंसू सूख गए हैं, उन्हें हमसे पानी की उम्मीद नहीं करनी चाहिए। हम सिंधु नदी का पानी आतंकवादियों और मानवता के दुश्मनों के संरक्षकों तक नहीं पहुँचने देंगे।”
उन्होंने कहा कि भारत अब सीमा पार आतंकवाद को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करेगा और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में सरकार की नीति स्पष्ट और निर्णायक है। राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिए दुनिया को यह दिखाया है कि जो ताकतें शांति और सद्भाव की भाषा नहीं समझतीं, उन्हें उसी भाषा में जवाब देना भी देश जानता है।
उन्होंने विपक्ष द्वारा ऑपरेशन पर उठाए जा रहे सवालों की भी आलोचना की और कहा कि सरकार देश की सुरक्षा के मामलों में पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
रक्षा मंत्री ने भारत की रक्षा क्षमताओं का जिक्र करते हुए कहा कि देश केवल मानवीय सहायता और विकास का प्रतीक नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर निर्णायक कार्रवाई करने की क्षमता भी रखता है। इस दौरान उन्होंने आधुनिक रक्षा तैयारियों, स्वदेशी तकनीक और भविष्य की सुरक्षा आवश्यकताओं पर भी जोर दिया।

