राम मंदिर चढ़ावा चोरी में गिरफ्तार अविनाश शुक्ला गर्लफ्रेंड को देता था पैसे, कैश के अलावा महँगे फोन भी किए गिफ्ट: रिपोर्ट

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जाँच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए खुलासे भी सामने आ रहे हैं। अब जाँच में पता चला है कि इस मामले के आरोपित अविनाश शुक्ला ने अपनी गर्लफ्रेंड पर लाखों रुपए खर्च किए। उसने अपनी गर्लफ्रेंड को करीब दो लाख रुपए नकद दिए थे और साथ ही एक महँगा मोबाइल फोन भी गिफ्ट किया था।

अब जाँच एजेंसियाँ यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसके पास इतनी बड़ी रकम कहाँ से आई और क्या इसका संबंध मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी से है। जाँच के दौरान पुलिस को अविनाश शुक्ला के 15 लाख रुपए से अधिक के लेन-देन की जानकारी भी मिली है।

इन ट्रांजैक्शनों की बारीकी से जाँच की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि यह पैसा किस स्रोत से आया और इसका इस्तेमाल कहाँ-कहाँ किया गया। बैंक खातों से लेकर नकद लेन-देन और उसके संपर्कों तक, हर पहलू को खंगाला जा रहा है।

मामले में आरोपित के भाई अभिषेक शुक्ला के बयान ने भी जाँच को नई दिशा दी है। उसने पुलिस को बताया कि कई बार उसने अविनाश को ड्यूटी खत्म होने के बाद नकदी लेकर योग केंद्र जाते देखा था। जब उसने इस बारे में पूछा तो अविनाश ने कोई साफ जवाब नहीं दिया।

बाद में सह-आरोपित अनुकल्प ने उसे बताया कि कुछ लोग खुशी से पैसे दे देते हैं और दर्शन कराने में मदद के बदले भी रकम मिल जाती है। साथ ही उसे इस विषय पर आगे कोई सवाल न करने की सलाह दी गई। फिलहाल पुलिस सभी तथ्यों की गहराई से जाँच कर रही है।