उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के हंडिया थाना क्षेत्र के बनपुरवा सरायपीथा गाँव में महज 22 दिनों के भीतर दो सगे भाइयों की संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकती लाशें मिलने से हड़कंप मच गया है। पीड़ित परिवार ने समाजवादी पार्टी के स्थानीय विधायक हाकिम लाल बिंद पर पुश्तैनी जमीन कब्जाने और कोर्ट में पैरवी करने पर दोनों भाइयों की हत्या करवाने का सीधा आरोप लगाया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुक्रवार (3 जुलाई 2026) को सबसे बड़े भाई सुशील कुमार (32 वर्ष) का शव घर के पास बने एक टिन शेड में बांस के सहारे दुपट्टे से लटकता हुआ पाया गया। महज 22 दिनों के भीतर एक ही घर के दो नौजवान बेटों की मौत के बाद ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। मौके पर जमकर हंगामा हुआ, जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए कार्रवाई शुरू की।
इस घटनाक्रम की शुरुआत जून महीने की शुरुआत में हुई, जब पहले भाई की मौत 9 जून 2026 को हुई। जानकारी के मुताबिक, घर के सबसे छोटे बेटे संतोष कुमार (28 वर्ष) का विवाह 7 जून को सरायममरेज थाना क्षेत्र में हुआ था। 8 जून को दुल्हन विदा होकर घर आई और उसी रात संतोष अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। अगले दिन यानी 9 जून 2026 को संतोष का शव घर से करीब 150 मीटर दूर एक नीम के पेड़ पर फंदे से लटकता हुआ मिला। शादी की खुशियाँ मातम में बदल गईं और परिवार ने इस पर गहरी आशंका जताई।
दोनों भाइयों की मौत के बाद बचे मंझले भाई सुनील कुमार उर्फ दारा और उनकी माँ लालती देवी ने सीधे हंडिया के सपा विधायक हाकिम लाल बिंद पर आरोप लगाए। परिवार का आरोप है कि उनकी चार बीघा और आठ बिस्वा पुश्तैनी जमीन पर (मौजूदा बाजार कीमत लगभग दो करोड़ रुपए) सपा विधायक और उनके करीबियों ने जबरन कब्जा कर रखा है। मृतक भाई इस जमीन के हक के लिए जिला अदालत में कानूनी पैरवी कर रहे थे।
परिवार का कहना है कि अदालत में चल रहे इस केस की पैरवी करने से विधायक बेहद नाराज थे। आरोप है कि विधायक और उनके गुर्गे लगातार पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दे रहे थे। छोटे भाई संतोष को शादी से पहले धमकी दी गई थी कि अगर उसने शादी की तो उसे मार दिया जाएगा। शादी के ठीक तीन दिन बाद उसकी हत्या कर दी गई। परिवार का आरोप है कि पुलिस ने तब आरोपियों को छोड़ दिया, जिसके हौसले बुलंद होने पर ठीक 22 दिन बाद विधायक के इशारे पर बड़े भाई सुशील की भी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया ताकि यह आत्महत्या लगे।
प्रयागराज
— भारत समाचार | Bharat Samachar (@bstvlive) July 4, 2026
➡सपा विधायक पर हत्या का मुकदमा दर्ज
➡हाकिम लाल बिंद पर हत्या का मुकदमा
➡हंडिया में सुशील कुमार की फंदे से लटकती लाश मिली
➡22 दिन पहले छोटे भाई की भी लाश मिली थी
➡22 दिन में 2 भाइयों की फंदे पर लाश मिली
➡जमीन विवाद में हत्या का आरोप, जमकर हंगामा
➡हाकिम के साथ FIR… pic.twitter.com/3yVEab8473
सपा विधायक हाकिम लाल बिंद के साथ ही सुमित्रा नंदिनी (गायिका, निवासी सैदाबाद), अमित गौतम (नंदिनी का भाई), गौरी (पुत्री ननकू गौतम) और संजय गौतम (गौरी के जीजा) को नामजद किया गया है।
इन गंभीर आरोपों पर हंडिया से समाजवादी पार्टी के विधायक हाकिम लाल बिंद ने खुद को पूरी तरह बेकसूर बताया है। उन्होंने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे एक राजनीतिक षडयंत्र करार दिया है।
दो सगे भाइयों की संदिग्ध मौत और एक सिटिंग विधायक पर हत्या का मुकदमा दर्ज होने के बाद प्रयागराज पुलिस बेहद सतर्कता से कदम उठा रही है। इस मामेल में हंडिया के एसीपी शेषधर पांडेय ने कहा, “मृतक के परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की निष्पक्ष और गहनता से जाँच की जा रही है। जमीन से जुड़े जो भी विवाद हैं, उनके राजस्व रिकॉर्ड्स खंगाले जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”

