दिल्ली आ रही राजधानी एक्सप्रेस में लगी भीषण आग, दो कोच जलकर हुए खाक: बाल-बाल बचे 68 यात्री, Video आया सामने

मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में रविवार (17 मई 2026) की सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। तिरुवनंतपुरम से हजरत निजामुद्दीन (दिल्ली) जा रही राजधानी एक्सप्रेस (12431) में अचानक भीषण आग लग गई।

यह घटना सुबह करीब 5:15 बजे लूनी और आलोट रेलवे स्टेशन के बीच हुई, जब ट्रेन कोटा रेल मंडल के क्षेत्र से गुजर रही थी। आग सबसे पहले B-1 कोच में लगी और कुछ ही मिनटों में फैलकर दो बोगियों को अपनी चपेट में ले लिया। सोते हुए यात्रियों को जब एहसास हुआ तो लोग जान बचाने के लिए बाहर भागने लगे। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।

गार्ड द्वारा सूचना मिलते ही ट्रेन को तुरंत रोक दिया गया। रेलवे स्टाफ ने तेजी दिखाते हुए करीब 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे कोचों में शिफ्ट किया। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुँचकर आग पर काबू पाया।

आग इतनी भीषण थी कि दो कोच पूरी तरह जलकर खाक हो गए। घटना के बाद दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ और कई ट्रेनें रोकनी पड़ीं। रेलवे प्रशासन ने मामले की जाँच शुरू कर दी है।