अंतत: TMC में तख्तापलट का ऐलान, बागी MLAs बोले- अब ममता बनर्जी नहीं हैं पार्टी की चेयरमैन, अभिषेक को किया गया सस्पेंड: पढ़ें- कोलकाता की मीटिंग के बाद क्या बातें आई सामने

तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) में जारी अंदरूनी विवाद सोमवार (22 जून 2026) को बड़े राजनीतिक घटनाक्रम में बदल गया। पार्टी के बागी गुट ने दावा किया कि उसने ममता बनर्जी को पार्टी के चेयरमैन पद से हटा दिया है और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी को पार्टी से निलंबित कर दिया है।

इसके साथ ही बागी नेताओं ने संगठन में नए नेतृत्व और पुनर्गठन का भी ऐलान किया। यह फैसला विधायक ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व में हुई एक अहम बैठक में लिया गया। बैठक के बाद बागी गुट ने खुद को ‘असली तृणमूल कॉन्ग्रेस’ बताते हुए कई प्रस्ताव पारित किए।

गुट ने वरिष्ठ विधायक अरूप रॉय को नई संगठनात्मक समिति का चेयरमैन नियुक्त करने और उन्हें पार्टी का नया चेयरपर्सन घोषित करने का दावा किया। न्यू टाउन के एक होटल में हुई इस बैठक में बागी विधायकों के साथ कोलकाता नगर निगम (KMC) और तीन जिलों के कई पार्षदों के शामिल होने का दावा किया गया।

बागी नेताओं का कहना है कि पार्टी संविधान के मुताबिक हर तीन साल में राष्ट्रीय कार्यकारी समिति का गठन होना चाहिए, लेकिन समय पूरा होने के बाद भी संगठनात्मक पुनर्गठन नहीं किया गया। ऋतब्रत बनर्जी ने कहा कि मौजूदा नेतृत्व का कार्यकाल समाप्त हो चुका था, पार्टी के भीतर संवैधानिक स्थिति को देखते हुए राष्ट्रीय नेतृत्व के पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू की गई।