रूस के बश्कोर्तोस्तान रिपब्लिक की राजधानी ऊफा में बश्कोर्तोस्तान स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में शनिवार (7 फरवरी 2026) को एक 15 साल के लड़के ने चाकू से ताबड़तोड़ हमले किए। इसमें चार भारतीय सहित कुल छह छात्र घायल हो गए। हमलावर का कथित तौर पर बैन नियो-नाजी संगठन से संबंध बताया जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हमलावर हॉस्टल में घुसा और छात्रों पर चाकू से वार करने लगा। उसने होलोकॉस्ट से जुड़े नारे लगाए और दीवार पर पीड़ितों के खून से हाकेनक्रूज का निशान बनाया। हमले की वजह अभी साफ नहीं है, लेकिन नियो-नाजी लिंक की वजह से मामला बेहद गंभीर हो गया है।
इस दौरान हमलावर के हमले में दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। झड़प के दौरान आरोपित को भी चोटें आईं, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, हालाँकि उनकी हालत को लेकर विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
रूस में भारतीय दूतावास ने भी स्थिति पर नजर बनाए रखने की बात कही है और घायलों की सहायता के लिए कजान स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों को उफा भेजा जा रहा है।

रूसी जाँच एजेंसियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जाँच शुरू कर दी है और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में पढ़ रहे अंतरराष्ट्रीय छात्रों के बीच दहशत का माहौल है।

