सरधना के पूर्व MLA संगीत सिंह सोम को बांग्लादेशी नंबर से जानलेवा धमकी मिली, बम से उड़ाने की मिली चेतावनी: BJP नेता- हिंदू अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी

यूपी बीजेपी के फायरब्रांड नेता और मेरठ की सरधना से पूर्व विधायक संगीत सिंह सोम को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। यह धमकी बांग्लादेश से किए गए कॉल और मैसेज के जरिए दी गई है। घटना की सूचना मिलते ही मेरठ पुलिस और सुरक्षा एजेंसियाँ सक्रिय हो गई हैं। संगीत सोम ने साफ कहा है कि वे सनातन और हिंदुओं के अधिकारों की आवाज उठाते रहेंगे और किसी भी धमकी से पीछे हटने वाले नहीं हैं।

बांग्लादेशी नंबर से कॉल, बम से उड़ाने की धमकी

माडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रविवार (5 जनवरी 2026) की सुबह संगीत सोम के निजी सचिव के मोबाइल नंबर पर एक अंजान कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को बांग्लादेश का नागरिक बताते हुए न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि संगीत सोम और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए जहन्नुम पहुँचाने की बात कही।

आरोपित ने नेता को बम से उड़ाने और देश के न्यूज चैनलों को भी निशाना बनाने की बात कही। इसके बाद सचिव की ओर से सरधना थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई, जिसमें संदिग्ध मोबाइल नंबर पुलिस को सौंप दिया गया है।

जाँच में जुटी पुलिस, सुरक्षा एजेंसियाँ सतर्क

शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस कॉल की लोकेशन, तकनीकी डिटेल और अंतरराष्ट्रीय एंगल से मामले की जाँच कर रही है। अंजान नंबर के विदेशी होने की वजह से साइबर सेल और अन्य सुरक्षा एजेंसियाँ भी अलर्ट पर हैं। धमकी की खबर फैलते ही समर्थकों में नाराजगी देखी गई, वहीं प्रशासन ने नेता की सुरक्षा व्यवस्था पर भी नजर बढ़ा दी है।

गौरतलब है कि संगीत सोम ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों को लेकर कड़ा रुख अपनाया था और IPL टीम कोलकाता नाइट राइडर्स के मालिक शाहरुख खान और बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को लेकर तीखी टिप्पणी की थी।

सोम ने कहा था कि जब पड़ोसी देशों में भारत और हिंदुओं के खिलाफ नफरत फैलाई जा रही है, तब ऐसे खिलाड़ियों पर करोड़ों खर्च करना गलत है। उन्होंने यह भी कहा था कि वे ऐसे मुद्दों पर आगे भी खुलकर बोलते रहेंगे, चाहे इसके लिए कितनी भी धमकियाँ क्यों न मिलें।