छत्तीसगढ़ के बीजापुर में 2 और नक्सली ढेर, सिर पर था लाखों का ईनाम: CM साय बोले- डबल इंजन सरकार ने लिखा शांति और विकास का अध्याय

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में गुरुवार (29 जनवरी 2026) की सुबह सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो इनामी नक्सली मारे गए। पुलिस के अनुसार यह मुठभेड़ जिले के दक्षिणी हिस्से में पामेड़ क्षेत्र के कवरगुट्टा गाँव के पास जंगल में करीब 7 बजे शुरू हुई।

अधिकारियों को इलाके की पहाड़ियों में माओवादियों की पामेड़ एरिया कमेटी के हथियारबंद कैडर की मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर बुधवार (28 जनवरी 2026) की शाम संयुक्त अभियान चलाया गया। गोलीबारी थमने के बाद सुरक्षा बलों ने प्रदीप उर्फ जोगा और भीमा वेको के शव बरामद किए।

इन पर क्रमशः 5 लाख और 2 लाख रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों कई हिंसक वारदातों और आम नागरिकों की हत्या में शामिल रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस सफलता के लिए सुरक्षा बलों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के मार्गदर्शन में और डबल इंजन सरकार के अच्छे शासन के कारण बस्तर में शांति और विकास का एक नया अध्याय लिखा जा रहा है।