जम्मू-कश्मीर के शोपियाँ जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के दो आतंकियों को मारे जाने की खबर है। हालाँकि सुरक्षाबलों ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, मारे गए आतंकियों में A++ कैटेगरी का वांछित आतंकी जाकिर अहमद गनी और उसका साथी लतीफ भट शामिल हैं।
मेडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आतंकियों के इलाके में छिपे होने की सूचना मिलने के बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस, CRPF, राष्ट्रीय राइफल्स और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने संयुक्त अभियान शुरू किया।
शुक्रवार (3 जुलाई 2026) की दोपहर सेना के निगरानी कैमरों में दोनों आतंकी दिखाई दिए, जिसके बाद चार गाँव खाली कराकर पूरे क्षेत्र की घेराबंदी की गई। शनिवार (4 जुलाई 2026) की शाम करीब 7:45 बजे जवान जब आतंकियों के ठिकाने के करीब पहुँचे तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ छिड़ गई।
जानकारी के अनुआर, कुलगाम निवासी जाकिर गनी 2024 से लश्कर से जुड़ा था और उसके खिलाफ कई आतंकी मामलों में जाँच चल रही थी। अक्टूबर 2025 में NIA कोर्ट ने उसके खिलाफ नोटिस जारी किया था।
उसका नाम पहलगाम आतंकी हमले और सुरक्षा बलों पर हमलों से भी जुड़ा रहा है। यदि उसकी मौत की आधिकारिक पुष्टि होती है, तो पहलगाम हमले के बाद जारी 14 स्थानीय आतंकियों की सूची में मारा गया वह नौवाँ आतंकी होगा।

