उत्तर प्रदेश के शामली जिले में अवैध कब्जे के एक गंभीर मामले में पुलिस ने समाजवादी पार्टी से जुड़े एक नेता और नगर पालिका सभासद के शौहर कालू कुरैशी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में दो अन्य आरोपित अभी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली रोड स्थित तैमूर शाह कॉलोनी का है। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, यहाँ रहने वाले हाजी यूसुफ के बेटे इरफान ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी कि उनकी दुकान पर जबरन कब्जा कर लिया गया है। इरफान के अनुसार, वह काम के सिलसिले में दिल्ली गया हुआ था।
दुकान की देखरेख की जिम्मेदारी उसने अपने भतीजे हारून को सौंप रखी थी। इसी दौरान आरोपित कालू कुरैशी और हाफिज साजिद अपने साथियों के साथ दुकान पर पहुँचा और हारून को पूरी रात बंधक बनाकर रखा। इसके बाद उसने दुकान खाली कराकर उस पर कब्जा कर लिया।
पीड़ित हारून और इरफान की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जाँच शुरू की और साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। जाँच के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपित कालू कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया। वह समाजवादी पार्टी से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अन्य फरार आरोपितों की तलाश जारी है।

