बांग्लादेश में 17 फरवरी 2026 को पीएम के रूप में बीएनपी अध्यक्ष और दिवंगत खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान शपथ लेने जा रहे हैं। उन्होंने पीएम मोदी को न्योता भेजा है। लेकिन पीएम मोदी इस कार्यक्रम में शामिल होने नहीं जाएँगे। उसकी जगह लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ढाका जाएँगे। उनके साथ विदेश सचिव विक्रम मिस्त्री भी होंगे। ये लोग भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व लोकसभा स्पीकर ओम बिरला करेंगे। उनके साथ विदेश सचिव विक्रम मिस्री भी होंगे: सूत्र pic.twitter.com/r2xIxuh7vY
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 15, 2026
दरअसल मंगलवार (17 फरवरी ) को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भारत दौरे पर होंगे और मुंबई में दोनों नेताओं की अहम बैठक तय है। इसके बाद नई दिल्ली में AI इम्पैक्ट समिट 2026 में भी पीएम मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों मौजूद रहेंगे। इसको देखते हुए पीएम मोदी ढाका नहीं जा पाएँगे।
अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने 13 देशों के राष्ट्राध्यक्षों और सरकार प्रमुखों को आमंत्रण भेजा है। भारत, चीन, सऊदी अरब, पाकिस्तान, तुर्किये, यूएई, कतर, मलेशिया, ब्रुनेई, श्रीलंका, नेपाल, मालदीव और भूटान जैसे देशों को एक साथ न्योता देकर बांग्लादेश ने स्पष्ट किया है कि वह दक्षिण एशिया से लेकर पश्चिम एशिया तक सभी प्रमुख साझेदारों के साथ संतुलित रिश्ते रखना चाहता है।
ढाका में होने वाले इस शपथ समारोह को क्षेत्रीय और वैश्विक संतुलन के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। खासतौर पर भारत और चीन दोनों को आमंत्रित करना नई सरकार की कूटनीतिक प्राथमिकताओं को दर्शाता है।

