तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है, जहाँ मुख्यमंत्री एमके स्टालिन अपनी मजबूत मानी जाने वाली कोलाथुर सीट से शुरुआती रुझानों में पीछे चल रहे हैं। चुनाव आयोग के ताजा आँकड़ों के अनुसार, वह तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) के उम्मीदवार VS बाबू से 7,300 से अधिक वोटों से पिछड़ गए हैं, जबकि AIADMK के आर संथानकृष्णन तीसरे स्थान पर हैं।

कौन है वीएस बाबू?
VS बाबू DMK, AIADMK और कॉन्ग्रेस में काम कर चुके हैं। वह कुछ महीने पहले ही विजय की पार्टी टीवीके में शामिल हुए हैं। TVK में शामिल होने से पहले वीएस बाबू AIADMK के पदाधिकारी थे और 2006 से 2011 के बीच चेन्नई कॉर्पोरेशन में अहम पदों पर रहे थे।
अपने गढ़ में पिछड़े एमके स्टालिन
कोलाथुर सीट एमके स्टालिन का गढ़ रही है, जिसे वह 2011 से लगातार जीतते आए हैं। 2021 में उन्होंने यहाँ 70 हजार से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की थी, लेकिन इस बार तस्वीर बदलती नजर आ रही है। अभिनेता विजय की पार्टी TVK के उभार ने DMK और AIADMK दोनों को कड़ी चुनौती दी है।
राज्यभर के रुझानों में TVK 234 में से 85 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि AIADMK 61 सीटों पर आगे है। सत्तारूढ़ DMK सिर्फ 35 सीटों पर सिमटती दिख रही है। DMK के कई बड़े मंत्री भी पीछे चल रहे हैं, जिससे पार्टी के लिए हालात चिंताजनक बन गए हैं।
अगर ये रुझान नतीजों में बदलते हैं, तो यह तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव साबित होगा और विजय की पार्टी महज दो साल में इतिहास रच सकती है। वहीं एमके स्टालिन के लिए यह चुनाव उनकी राजनीतिक पकड़ पर बड़ा सवाल खड़ा करता नजर आ रहा है।
url- tamilnadu assembly election CM MK Stalin trails Kolathur Vijay TVK leads VS Babu lead

