अनुष्का यादव की बेटी का बाप होने से लालू के बड़े बेटे का इनकार: तेज प्रताप बोले- बच्चे के बारे में आकाश भाटी से पूछो, मुझे फँसाने की साजिश

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेजप्रताप यादव ने अनुष्का यादव के माँ बनने की खबर पर कड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चा उनका नहीं है और अनुष्का से उनका कोई संबंध नहीं है। तेजप्रताप ने इसे अपने खिलाफ रची गई साजिश बताया।

सोशल मीडिया पर वायरल फोटो के बाद सुर्खियों में आईं अनुष्का यादव ने हाल ही में एक बेटी को जन्म दिया है। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि तेजप्रताप इस बच्ची के पिता हैं, लेकिन तेजप्रताप ने इसे पूरी तरह झूठा और बेबुनियाद बताया। उन्होंने आकाश भाटी का नाम लेते हुए कहा कि वही इस मामले में जवाब दे सकते हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजप्रताप ने कहा, “आकाश भाटी अनुष्का से जुड़े हैं, तो वे इसका जवाब दे सकते हैं, लेकिन मैं नहीं। मैं इस बात को पूरी तरह खारिज करता हूँ। यह मुझे फँसाने की बेबुनियाद साजिश है। मैंने पहले ही गद्दारों के नाम लिए हैं। मुकेश रौशन द्वारा षड्यंत्र रचकर मुझे फंसाया जा रहा है। यह बहुत घिनौना काम है।”

उन्होंने आगे कहा, “आकाश भाटी कौन है, जिसके साथ अनुष्का का संबंध है? मुझे बस झूठे आरोपों में फँसाया जा रहा है। मेरा उससे कोई संबंध नहीं है। जिसका संबंध है, वही इस पूरे मामले को जाने। अनुष्का यादव को बताना चाहिए कि उनके फ्लैट पर आकाश भाटी क्यों जाते थे।”

तेजप्रताप ने आरोप लगाया, “दही-चूड़ा का कार्यक्रम हुआ, मेरे पिताजी आए, तो गद्दारों को रास नहीं आ रहा। अभी हम एक और कार्यक्रम करने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही साजिश रची जा रही है। मुझे बदनाम किया जा रहा है। दिन-रात मुझे परेशान किया जा रहा है। मैं क्या करूँ, फाँसी लगा लूँ क्या? मुझे पार्टी और परिवार से बाहर कर दिया गया है। मुकेश रौशन मेरी हत्या कराना चाहते हैं। यह साजिश रची जा रही है। उसे पकड़ा जाए। मेरे और अनुष्का के बीच कोई संबंध नहीं है।” यह विवाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।