तमिलनाडु की राजनीति में दशकों बाद एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। अभिनेता से नेता बने सी जोसेफ विजय ने रविवार (10 मई 2026) को तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली। इसके साथ ही राज्य में दशकों से चले AIADMK और DMK का राज खत्म हो गया है। दशकों से राज्य में इन दोनों पार्टियों से ही मुख्यमंत्री बन रहे थे।
चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में सुबह 10 बजे आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल ने विजय को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) की चुनावी सफलता के बाद यह शपथ ग्रहण समारोह राज्य की राजनीति का सबसे चर्चित कार्यक्रम बन गया है।
#WATCH | Chennai: Tamil Nadu Governor Rajendra Vishwanath Arlekar administered the oath of office to Tamilaga Vettri Kazhagam (TVK) Chief C Joseph Vijay as the Tamil Nadu Chief Minister, at the Jawaharlal Nehru Stadium in Chennai. pic.twitter.com/ZWqm6tu8xH
— ANI (@ANI) May 10, 2026
मुख्यमंत्री विजय के साथ नौ अन्य नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इनमें एन आनंद, आधारव अर्जुना, डॉ के जी अरुणराज, के ए सेंगोट्टैयन, पी वेंकटरामनन, आर निर्मलकुमार, राजमोहन, डॉ टी के प्रभु और एस कीर्तन शामिल हैं। इन सभी को विजय सरकार में अलग-अलग विभागों की जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना है।
राजभवन की ओर से जारी बयान के मुताबिक, विजय ने शनिवार (9 मई 2026) को राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया था। उन्होंने TVK विधायक दल का समर्थन पत्र सौंपने के साथ कॉन्ग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPM), विदुथलाई चिरुथिगल काची (VCK) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) के समर्थन पत्र भी राज्यपाल को दिए थे। इसके बाद राज्यपाल ने उन्हें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया।
इस चुनाव में TVK ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटें जीती थीं और सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। हालाँकि पार्टी अपने दम पर बहुमत से पीछे रह गई थी। बाद में कॉन्ग्रेस, CPI, CPM, VCK and IUML के समर्थन से विजय ने बहुमत का आँकड़ा पूरा किया और सरकार बनाने का रास्ता साफ हो गया।

