पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत के बाद तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) के तेवर बदल से गए हैं। अब पार्टी बौखला गई है और अपने ही नेताओं से मुँह मोड़ रही है। इनमें सबसे चर्चित नाम रिजु दत्ता का है, जिन्होंने बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान उत्तर प्रदेश के IPS अफसर अजय पाल शर्मा को घसीटने की धमकी दी थी। पार्टी द्वारा रिजु दत्ता को निलंबित किए जाने के बाद उन्होंने एक वीडियो जारी कर TMC के पदाधिकारियों पर आरोप लगाए और IPS अजय पाल शर्मा से माफी माँगी।
सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म ‘एक्स’ पर वीडियो जारी कर रिजु दत्ता ने कहा, “मैं, तृणमूल कॉन्ग्रेस के प्रवक्ता के रूप में, IPS अजय पाल शर्मा के बारे में एक वीडियो बनाया था। अब मेरी पार्टी ने मुझे सच बोलने के कारण निलंबित कर दिया है।”
मैं, तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता के रूप में, आईपीएस अजय पाल शर्मा के बारे में एक वीडियो बनाया था। अब मेरी पार्टी ने मुझे सच बोलने के कारण निलंबित कर दिया है।
— 𝐑𝐢𝐣𝐮 𝐃𝐮𝐭𝐭𝐚 (@DrRijuDutta_TMC) May 10, 2026
वह क्लिप वायरल हो चुकी है और भाजपा का पूरा आक्रोश व्यक्तिगत रूप से मुझ पर आ रहा है।
मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूँ कि… pic.twitter.com/IUO48OG434
वे आगे सफाई देते हुए कहते हैं, “मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूँ कि मैंने वह वीडियो TMC के राष्ट्रीय प्रवक्ता के रूप में, तृणमूल मुख्यालय से, पार्टी लाइन का पालन करते हुए बनाया था और वह वीडियो तृणमूल कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स से भी जारी किया गया था। यह कोई व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं थी।”
रिजु दत्ता ने कहा कि फिर भी वह कानूनी सलाहकारों की सलाह पर IPS अजय पाल शर्मा से अपनी टिप्पणियों के लिए माफी माँगते हैं और अब एक आम इंसान के रूप में जीवन जीना चाहते हैं।
बता दें कि रिजू दत्ता ने उत्तर प्रदेश कैडर के IPS अधिकारी और बंगाल चुनाव में पर्यवेक्षक बनाए गए एनकाउंटर स्पेशलिस्ट अजय पाल शर्मा को घसीटने की धमकी दी थी। दत्ता ने अजय पाल शर्मा को धमकाते हुए कहा था, “आपको ऐसा लगता होगा कि दूसरे राज्य में हमारे बीजेपी के मालिक हमें बचा लेंगे। मैं सीधे तौर पर कहना चाहता हूँ कि आपके खिलाफ FIR होगी, चार्जशीट होगी और आपको घसीटकर कोर्ट में लाया जाएगा, जहाँ पर कानून सख्त-से-सख्त कार्रवाई आपके खिलाफ करेगा। कोई बीजेपी का मालिक आपको बचा नहीं पाएगा।”

