ट्रंप ने भारत विरोधी इल्हान उमर को बताया ‘कचरा’, कहा- सोमालिया से आने वाले प्रवासियों को अमेरिका में नहीं देखना चाहता

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार (2 दिसंबर 2025) को एक बैठक के दौरान सोमालिया के प्रवासी समुदाय की आलोचना करते हुए कहा है कि वह उन्हें अमेरिका में नहीं देखना चाहते हैं। ट्रंप ने इस दौरान ‘भारत-विरोधी’ रुख रखने वाली सांसद इल्हान उमर पर करारा हमला बोला है। अमेरिकी में सोमिलायाई प्रवासियों का गढ़ माने जाने वाले मिनेसोटा में प्रवासी विरोधी अभियान से पहले ट्रंप का यह बयान काफी अहम माना जा रहा है।

ट्रंप ने इल्हान उमर पर भी जोरदार हमले किए हैं। उमर का परिवार सोमालिया के गृहयुद्ध से भागकर अमेरिका आया था और उससे पहले कुछ समय तक केन्या में रहा था। वो अक्सर अपने भारत विरोधी और पाकिस्तान समर्थक रुख के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने कहा, “इल्हान उमर कचरा है। वह कचरा है। उसके दोस्त कचरा हैं।” ट्रंप ने आगे कहा, “अगर हम अपने देश में कचरा लाते रहेंगे, तो हम गलत रास्ते पर जाएँगे।”

ट्रंप ने कहा कि सोमाली प्रवासी पर निशाना साधते हुए कहा कि वो देश में कुछ भी योगदान नहीं देते हैं और इसके चलते वह उन लोगों को अमेरिका में नहीं देखना चाहते हैं। ट्रंप ने कहा, “उनका देश तो हर तरह से बेकार है। हम उन्हें अपने देश में नहीं चाहते हैं।” ट्रंप के मुताबिक, ये प्रवासी बस शिकायत करते हैं और इसके अलावा इन्हें कुछ नहीं आता है। इसके साथ ही उन्होंने अमेरिका में सोमालिया के गृह युद्ध के बाद से चली आ रही निर्वासन सुरक्षा को भी खत्म कर दिया है।

कौन हैं इल्हान उमर?

इल्हान उमर मिनेसोटा के 5वें कॉन्ग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से US हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में सांसद हैं। वह पहली सोमाली-अमेरिकी मुस्लिम महिला हैं जो अमेरिकी कॉन्ग्रेस पहुँची हैं। खुद को प्रोग्रेसिव बताने वाले उमर कई बार कश्मीर से लेकर धार्मिक अल्पसंख्यकों और खालिस्तान जैसे मुद्दों पर भारत विरोधी रुख अपना चुकी हैं।