इजरायल में 2 भारतीय श्रमिकों पर नस्लवादी हमला, वॉट्सऐप पर साजिश रच लाठी-डंडों से पीटा: इजरायली दूतावास ने दी कड़ी प्रतिक्रिया

इजरायल के अश्केलोन शहर में दो भारतीय श्रमिकों पर एक नस्लवादी और सुनियोजित हमला किया गया है। एक सार्वजनिक पार्क में कुछ उपद्रवियों के एक समूह ने दोनों भारतीयों को घेरकर बेरहमी से पीटा। इजरायली मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हमला अचानक नहीं था बल्कि इसकी पूरी योजना पहले से बनाई गई थी।

रिपोर्ट्स के मुताबकि, जाँच में सामने आया है कि हमलावरों ने वॉट्सऐप ग्रुप्स में पहले से साजिश रची, फिर इलाके में मौजूद भारतीय श्रमिकों को निशाना बनाकर दिनदहाड़े उन पर लाठी-डंडों से हमला किया गया। इस हमले को इजरायली मीडिया ने ‘टारगेटेड और नस्लवादी हमला’ बताया है।

घटना के बाद भारत में स्थित इजरायली दूतावास ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बयान जारी कर कहा, “अश्केलोन में दो भारतीय श्रमिकों पर किया गया यह हमला पूरी तरह अस्वीकार्य है। इजरायली पुलिस ने आरोपितों को पकड़ लिया है और उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।”

गौरतलब है कि यह घटना ऐसे समय पर हुई है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 और 26 फरवरी को इजरायल के दौरे पर जाने वाले हैं। यह उनकी दूसरी इजरायल यात्रा होगी। अश्केलोन शहर तेल अवीव से करीब 50 किलोमीटर दूर और गाजा सीमा के पास स्थित है। यहाँ बड़ी संख्या में विदेशी श्रमिक काम करते हैं, जिनमें भारतीय भी शामिल हैं।