बंगाल में 2 चरण में मतदान, EC ने किया तारीखों का ऐलान: अब मतदाताओं के हाथ में केरल-असम-पुडुचेरी समेत 5 राज्यों की कमान, जानें वोटिंग से लेकर नतीजों की तारीखें

भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) ने चार राज्य और एक केंद्रशासित प्रदेश में विधानसभा चुनावों के तारीखों की घोषणा कर दी है। इनमें केरल, असम और पुडुचेरी में 09 अप्रैल 2026 को मतदान होना है। वहीं तमिलनाडु में 23 अप्रैल और पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल 2026 को दो चरणों में मतदान होगा। वहीं नतीजे 04 मई 2026 को घोषित किए जाएँगे।

बता दें कि SIR की फाइनल लिस्ट के मुताबिक इन 5 राज्यों में कुल 17.4 करोड़ वोटर हैं। पश्चिम बंगाल में 6.44 करोड़ मतदाता हैं। असम में कुल 2.5 करोड़ मतदाता है। केरल में 2.70 करोड़ मतदाता हैं। तमिलनाडु में 5.67 करोड़ मतदाता हैं और पुडुचेरी में 9.44 लाख मतदाता हैं।

चुनाव आयोग ने गुरुवार (15 मार्च 2026) को प्रेस वार्ता में बताया कि इन 5 राज्यों में कुल 218870 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। सभी स्टेशन पर कुल 25 लाख चुनाव अधिकारी और 8.5 लाख सुरक्षाकर्मी नियुक्त किए जाएँगे। वहीं काउंटिंग के लिए 40 हजार कर्मचारी तैनात किए जाएँगे।

पाँच राज्यों का चुनावी कार्यक्रम

असम (126 सीटें, बहुमत 64)
अधिसूचना 16 मार्च को जारी होगी। नामांकन की आखिरी तारीख 23 मार्च है। नामांकन पत्रों की जांच 24 मार्च को होगी और नाम वापसी की आखिरी तारीख 26 मार्च तय की गई है। राज्य में मतदान 9 अप्रैल को होगा, जबकि नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएँगे।

पुडुचेरी (30 सीटें, बहुमत 16)
यहाँ भी अधिसूचना 16 मार्च को जारी होगी। नामांकन की आखिरी तारीख 23 मार्च है। 24 मार्च को नामांकन पत्रों की जाँच होगी और 26 मार्च तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मतदान 9 अप्रैल को होगा और नतीजे 4 मई को आएँगे।

केरल (140 सीटें, बहुमत 71)
केरल में भी चुनाव कार्यक्रम असम और पुडुचेरी जैसा ही है। अधिसूचना 16 मार्च को जारी होगी। 23 मार्च तक नामांकन किया जा सकेगा, 24 मार्च को जाँच होगी और 26 मार्च नाम वापसी की आखिरी तारीख होगी। मतदान 9 अप्रैल को होगा और नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएँगे।

तमिलनाडु (234 सीटें, बहुमत 118)
तमिलनाडु में अधिसूचना 30 मार्च को जारी होगी। नामांकन की आखिरी तारीख 6 अप्रैल है। 7 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जाँच होगी और 9 अप्रैल तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। यहाँ मतदान 23 अप्रैल को होगा और नतीजे 4 मई को आएँगे।

पश्चिम बंगाल (294 सीटें, बहुमत 148)
पश्चिम बंगाल में चुनाव दो चरणों में होगा। पहले चरण में 152 सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान होगा। इसके लिए अधिसूचना 30 मार्च को जारी होगी, 6 अप्रैल तक नामांकन, 7 अप्रैल को जाँच और 9 अप्रैल तक नाम वापसी होगी।

दूसरे चरण में 142 सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान होगा। इसके लिए अधिसूचना 2 अप्रैल को जारी होगी, 9 अप्रैल नामांकन की आखिरी तारीख, 10 अप्रैल को जांच और 13 अप्रैल नाम वापसी की आखिरी तारीख होगी। दोनों चरणों के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएँगे।

इन 5 राज्यों में चुनाव आयोग की नई पहल

आगामी चुनावों को लेकर चुनाव आयोग ने कई नई तैयारियाँ की हैं। इस बार पाँच राज्यों के चुनाव में मतदाताओं की सुविधा और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए कुछ नई व्यवस्थाएँ लागू की जा रही हैं। मतदान केंद्रों पर मोबाइल फोन जमा करने की सुविधा दी जाएगी।

साथ ही EVM के बैलेट पेपर पर उम्मीदवारों की रंगीन फोटो और उनका नाम बड़े फॉन्ट में दिखाई देगा, ताकि मतदाताओं को पहचानने में आसानी हो। इसके अलावा प्रत्येक मतदान केंद्र पर अधिकतम 1200 मतदाताओं की सीमा तय की गई है और मतदान केंद्र से 100 मीटर के बाहर उम्मीदवारों को अपना बूथ लगाने की अनुमति होगी।

इसके साथ ही मतदाताओं को दी जाने वाली सूचना पर्ची को पहले से ज्यादा स्पष्ट और बेहतर बनाया गया है। चुनाव आयोग ने सभी प्रमुख मतदाता सेवाओं और चुनाव से जुड़े सभी हितधारकों के लिए एक वन-स्टॉप डिजिटल प्लेटफॉर्म भी तैयार किया है।

निगरानी को मजबूत बनाने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग की व्यवस्था की जाएगी और मतदान के दौरान हर दो घंटे में मतदान प्रतिशत का डेटा सीधे ECINET पर अपलोड किया जाएगा।