उत्तर प्रदेश के झांसी में अपर जिला जज (SC/ST एक्ट) आदेश चतुर्वेदी को डाक के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। गुरुवार (16 अप्रैल 2026) को मिले इस पत्र में न्यायालय परिसर को 7 से 30 अप्रैल 2026 के बीच बम से उड़ाने और जान से मारने की धमकी दी गई है।
पत्र में जज पर लखनऊ में तैनाती के दौरान कुछ मामलों में मुस्लिमों को सजा देने का आरोप लगाया गया है। मोहम्मद सलीम मंसूरी के नाम से भेजे गए इस पत्र में कहा गया है कि हमारी कौम के बेगुनाह लोगों को सजा सुनाकर घर तबाह कर दिए।
इसमें कहा गया है कि खुदा कसम 7 से 30 अप्रैल के बीच इनके न्यायालय परिसर को बम से उड़ा देंगे। साथ ही, इसमें लिखा गया है कि हम सभी लोग कई दिनों से उनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं और बस मौके की तलाश है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और जाँच शुरू कर दी। पुलिस ने कोर्ट परिसर और जज के आवास की सुरक्षा बढ़ा दी है। शुक्रवार (17 अप्रैल 2026) को मामला दर्ज कर लिया गया। शुरुआती जाँच में पता चला है कि पत्र कचहरी परिसर स्थित डाकघर से ही भेजा गया था और उस पर डाकघर की मुहर भी लगी है।
पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है और आरोपित की पहचान की कोशिश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह किसी शरारती तत्व की हरकत हो सकती है लेकिन मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और मामले की जाँच जारी है।

