उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में हिंदू युवक रोहित सिंह धर्म परिवर्तन के दबाव से परेशान होकर जान दे दी। रोहित ने फाँसी लगाने से पहले वीडियो बनाई, जिसमें कहा, “मेरा धर्म परिवर्तन किया जा रहा है, लेकिन मैं धर्म के रास्ते रहूँगा।” घटना के बाद रोहित के परिजनों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की माँग की।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना पनकी थाना क्षेत्र स्थित रतनपुर चौकी इलाके की है, जहाँ गुरुवार (29 जनवरी 2026) को 23 साल के रोहित सिंह ने बंद कमरे में फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके पर पहुँची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अगले दिन शुक्रवार 30 जनवरी 2026) को रोहित का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जो आत्महत्या से पहले उसने पोस्ट किया था।
धर्म परिवर्तन के दबाव से परेशान युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना पनकी थाना क्षेत्र की रतनपुर चौकी इलाके की है। सुसाइड से पहले युवक ने एक वीडियो बनाया, जिसमें धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाए जाने की बात कही है। परिजनों ने शव रख लगाया जाम।@kanpurnagarpol #Kanpur pic.twitter.com/Omsr8ihLjR
— Shyam Tiwari (@Shyamtiwariknp) January 30, 2026
वीडियो में रोहित खुद को अपने असली नाम से संबोधित करते हुए कहता है, “मैं दीपक सिंह गौर… मेरा धर्म परिवर्तन किया जा रहा है, लेकिन मैं धर्म के रास्ते रहूँगा, जिस तक भी ये वीडियो पहुँचे, वो ध्यान दे कि भारत में गांजा बंद हो और नारी का सम्मान हो। बस मैं इतना ही चाहता हूँ। माफ करना, जिससे भी मैं मिला था। मैंने गलतियाँ की। मैं खुद फाँसी लगाने जा रहा हूँ। धर्म परिवर्तन पूरे भारत में हो रहा है।”
उधर, रोहित की बहन निशा सिंह ने बताया कि भाई 26 जनवरी 2026 को छोटी बहन के घर लखनऊ गया था। तब उन्नाव से लखनऊ के चारबाग तक उसने किसी का फोन नहीं उठाया। फिर बहन के घर पहुँच कर उसने रोते हुए जबरन धर्म परिवर्तन कराए जाने की बात बताई थी। रोहित ने बताया था कि उसे ट्रेन में चार लोग मिले थे, जिन्होंने उसके साथ मारपीट की और चारबाग में एक मजार पर भी ले गए थे।
परिजनों का यह भी कहा है कि धर्म परिवर्तन के दबाव से रोहित मानसिक रूप से परेशान था। रोहित के परिजनों ने कहा कि उसने पहले भी पुलिस से इस संबंध में शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी कारण आहत होकर रोहित ने यह कदम उठाया। अब रोहित की मौत के बाद परिजनों में आक्रोश है। परिजनों और आसपास के लोगों ने रोहित के शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया।
थाना पनकी अंतर्गत एक धर्म-परिवर्तन से संबंधित प्रकरण संज्ञान में आया है- इस मामले में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने से पूर्व सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया गया है। प्रकरण में मृतक की पहचान रोहित उर्फ दीपक, उम्र लगभग 23 वर्ष, निवासी कानपुर नगर के रूप में हुई है। मृतक… pic.twitter.com/mF7wb69T1b
— POLICE COMMISSIONERATE KANPUR NAGAR (@kanpurnagarpol) January 30, 2026
वहीं मौके पर पहुँची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया। घटना के बारे में जानकारी देते हुए कानपुर नगर के पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जाँच के लिए दो टीमों का गठन किया गया है, जो चारबाग रेलवे स्टेशन के पास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पड़ताल करेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

