मेरठ में किराए के घर में इमरान चला रहा था अवैध हथियारों की फैक्ट्री, रेड में अलमारी के पीछे बना मिला तहखाना: मेरठ में UP पुलिस ने 4 को दबोचा

उत्तर प्रदेश के मेरठ स्थित खरदौनी गाँव में अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। ये फैक्ट्री घर के नीचे बने तहखानों से निकली सुरंग में चल रही थी। पुलिस ने खुफिया इनपुट के आधार पर छापेमारी की और अवैध हथियार बरामद किए।

पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपित इमरान अपने साथियों कुलदीप, नरेंद्र और 19 साल का BCA छात्र उमंग ठाकुर के साथ मिलकर घर की अलमारी के भीतर से तहखाने का रास्ता बनाया हुआ था। यह रास्ता सीधे बेसमेंट यानी तहखाने में खुलता था, जहाँ अवैध हथियार बनाने का काम धड़ल्ले से चल रहा था। यहाँ पिस्टल, मैगजीन, तमंचे बन रहे थे। पुलिस ने इमरान समेत सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

जाँच में सामने आया कि इस गिरोह ने व्हाट्सऐप के जरिए अवैध हथियार की तस्करी का नेटवर्क बनाया था और ऐसे ही हथियारों की सप्लाई करता था। पुलिस को यह भी पता लगा कि यह गिरोह मुजफ्फरनगर और आसपास के जिलों का रहने वाला है और यहाँ मेरठ में किराए के मकान पर रहकर यह अवैध कारोबार कर रहा था।

इससे कुछ दिन पहले भी लोहिया नगर थानाक्षेत्र के अलीपुर गाँव में एक घर के डबलबैड के नीचे तहखाना पकड़ा गया। इस तहखाने में छापेमारी के दौरान पुलिस को अवैध हथियार फैक्ट्री मिली थी, जहाँ मजदूर काम कर रहे थे। पुलिस को भीतर एक टेबलफैन और ऑक्सीजन की सप्लाई के बड़े पाइप भी मिला थे, जिससे तहखाने में घुटन न हो।