‘ईसाई बनो… सरकारी नौकरी देंगे, सुंदर लड़की से कराएँगे शादी’: पीलीभीत में लालच देकर धर्मांतरण का दबाव बनाने वाला मिशनरी गिरफ्तार, बोला- 20 साल से कर रहा ‘भलाई का काम’

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में ईसाई बनने का लालच देते मिशनरी के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। वह गाँव के लोगों को सरकारी नौकरी और सुंदर लड़की से शादी का ऑफर देकर ईसाई में धर्म परिवर्तन करने का दबाव बना रहा था। ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मुरादाबाद का रहने वाला अनोखेलाल पीलीभीत के जोगराजपुर गाँव गया। वह एक इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान पर पहुँचा, जिसका मालिक गौरव गुप्ता है। यहाँ अनोखेलाल ने ईसाई का प्रचार करना शुरू कर दिया। फिर धीरे-धीरे वह सरकारी नौकरी और सुंदर लड़की से शादी का लालच देकर ईसाई में परिवर्तित होने का दबाव बनाने लगा। गौरव गुप्ता और आसपास के लोगों ने उसका विरोध किया तो गाली-गलौज करने लगा, यहाँ तक की जान से मारने की भी धमकी दी।

इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। विश्व हिंदू परिषद और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं ने भी सेहरामऊ थाने पहुँचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

यीशु मसीह ने दुष्ट आत्मा से मुक्ति दिलाई

पुलिस हिरासत में अनोखेलाल ने बताया कि वह 20 साल से ईसाई का प्रचार कर रहा है और वह इस काम को भलाई मानता है। उसने दावा किया कि उसके पीछे एक दुष्ट आत्मा लगी थी, जो उसे आत्महत्या के लिए मजबूर कर रही थी। उसने बताया कि तभी वह दिल्ली एक व्यक्ति से मिला, जिसने उसे बाइबिल पढ़ने की सलाह दी।

उसने दावा किया कि इसके बाद यीशु मसीह ने दुष्ट आत्मा से छुटकारा दिलाया और उसने धर्म परिवर्तन कर लिया। तभी से वह गाँव-गाँव जाकर ईसाई का प्रचार करता है। उसने अपनी 7 बीघा जमीन बेचना का भी दावा किया।

फंडिंग की जाँच कर रही पुलिस

पुलिस ने बताया कि अनोखेलाल साल 2006 से ईसाई का प्रचार कर रहा है। उसकी पत्नी और दो बच्चे हैं, जो उससे संपर्क नहीं रखते हैं। अब पुलिस यह पता करने में लगी है कि प्रचार के लिए उसे कहाँ से फंडिंग मिल रही थी और किस मॉड्यूल के लिए काम कर रहा था।