उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होली से पहले राज्य के लाखों कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने सभी विभागों को आदेश दिया है कि फरवरी महीने का वेतन और पेंशन होली से पहले हर हाल में कर्मचारियों और पेंशनर्स के बैंक खातों में पहुँच जाए।
यह आदेश केवल नियमित कर्मचारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि संविदाकर्मी, आउटसोर्सिंग कर्मचारी, सफाईकर्मी और अन्य सभी श्रेणी के कर्मियों पर समान रूप से लागू होगा। सीएम ने साफ चेतावनी दी है कि वेतन भुगतान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
होली से पहले मिलेगा वेतन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पहला और सबसे अहम निर्देश यह है कि फरवरी का वेतन शनिवार (28 फरवरी 2026) तक हर हाल में जारी कर दिया जाए। वित्त विभाग की ओर से इस संबंध में शासनादेश भी जारी कर दिया गया है। कर्मचारियों के साथ-साथ पेंशनर्स को भी इसी तारीख तक पेंशन देने का आदेश है।
In Lucknow, Uttar Pradesh Chief Minister Yogi Adityanath (@myogiadityanath) has directed all officials to ensure that salaries of regular, outsourcing, contractual, and sanitation workers are paid before Holi, warning that any negligence will not be tolerated; February 28, 2026… pic.twitter.com/Xe6IZ3dLSB
— Press Trust of India (@PTI_News) February 27, 2026
सीएम का कहना है कि होली जैसे बड़े त्योहार पर किसी भी कर्मचारी को आर्थिक तंगी का सामना न करना पड़े। खास बात यह है कि सरकार ने आउटसोर्सिंग, संविदा और सफाई कर्मियों को भी इस दायरे में शामिल किया है, जिससे निचले वेतन वर्ग के कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलेगी। अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि भुगतान में देरी हुई तो जिम्मेदारी तय की जाएगी।
28 फरवरी को छुट्टी रद्द, सामान्य दिनों की तरह होगा कामकाज
प्रशासनिक संतुलन बनाए रखने के लिए शनिवार (28 फरवरी 2026) को कार्यदिवस घोषित किया गया है। इसके बदले कर्मचारियों को 3 मार्च 2026 को अतिरिक्त अवकाश दिया जाएगा। इस बार राज्य में होली का आधिकारिक अवकाश 2, 3 और 4 मार्च को रहेगा।
बताया जा रहा है कि इस बार चंद्र ग्रहण और तिथि परिवर्तन के कारण कुछ क्षेत्रों में होलिका दहन की तिथि में बदलाव हुआ है, जिसे देखते हुए अवकाश की योजना बनाई गई है। सरकार का उद्देश्य है कि त्योहार के दौरान काम और छुट्टी के बीच संतुलन बना रहे।
होली के मद्देनजर प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। खासकर मथुरा-बरसाना जैसे इलाकों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, जहाँ लाखों श्रद्धालु और पर्यटक पहुँचते हैं। अधिकारियों को निर्देश है कि कानून-व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता न हो और त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से बीते।

