अमेरिका के लुइसियाना के श्रेवपोर्ट शहर में एक भयावह घटना सामने आई, जहाँ 31 वर्षीय आर्मी के पूर्व सैनिक शमार एल्किंस ने 8 बच्चों की गोली मारकर हत्या कर दी। इनमें से 7 बच्चे उसके अपने बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार यह सामूहिक गोलीबारी घरेलू हिंसा का नतीजा थी।
घटना स्थानीय समयानुसार, रविवार (19 अप्रैल 2026) की सुबह करीब 6 बजे हुई। श्रेवपोर्ट पुलिस विभाग के मुताबिक, 1 से 14 साल की उम्र के बच्चों के शव वेस्ट 79वीं स्ट्रीट के 300 ब्लॉक स्थित एक घर से बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, इस हमले में कुल 10 लोगों को गोली मारी गई।
कई लोग घायल, कई जगहों तक फैला क्राइम सीन
इस हमले में जहाँ 8 बच्चों की मौत हुई, वहीं दो वयस्क महिलाएँ गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। एक किशोर भी घायल हुआ, लेकिन उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। यह मामला एक ही जगह तक सीमित नहीं था, बल्कि तीन अलग-अलग घरों और एक अन्य स्थान तक फैला हुआ था।
एक घर में 9 बच्चे मौजूद थे, जिनमें से केवल एक ही जीवित बचा और वह फिलहाल अस्पताल में भर्ती है। अधिकारियों ने यह भी पुष्टि की है कि घायल दोनों महिलाओं का आरोपित से संबंध था, हालाँकि उनका रिश्ता अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
मौके से फरार हो रह था आरोपित, पुलिस ने मुठभेड़ में मारा
पुलिस और मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शमार एल्किंस ने सबसे पहले हैरिसन स्ट्रीट पर एक वयस्क महिला को गोली मारी। इसके बाद वह वेस्ट 79वीं स्ट्रीट स्थित घर पहुँचा, जहाँ उसने बच्चों की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया और बंदूक के दम पर एक कार छीन ली।
Police in Shreveport, Louisiana say 8 children were killed in a domestic shooting. The suspect was also killed by responding officers. pic.twitter.com/WuaGGOf3mq
— Breaking911 (@Breaking911) April 19, 2026
बाद में पुलिस ने उस वाहन का पता लगाया और उसका पीछा शुरू किया और अंततः पुलिस ने आरोपित को घेर लिया और मुठभेड़ में उसे मार गिराया। पुलिस प्रमुख वेन स्मिथ ने कहा कि अपने 46 साल के करियर में उन्होंने इतना बड़ा और भयावह मामला कभी नहीं देखा। उन्होंने इस कठिन स्थिति को संभालने के लिए पुलिस टीम की सराहना की।
कौन था आरोपित और आगे की जाँच
शमार एल्किंस श्रेवपोर्ट का 31 वर्षीय निवासी था। उसने 2013 से 2020 तक लुइसियाना आर्मी नेशनल गार्ड में सेवा दी थी और प्राइवेट रैंक के साथ सेना छोड़ी थी, जो कि सबसे निचला पद होता है। घटना से कुछ दिन पहले उसने सोशल मीडिया पर कुछ संदेश साझा किए थे, जिनसे उसकी निजी परेशानियों और संभावित वैवाहिक समस्याओं का संकेत मिलता है।
अधिकारियों का मानना है कि इस हमले में वही अकेला आरोपित था, हालाँकि हमले के पीछे का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। अधिकारियों के अनुसार, यह हाल के वर्षों में अमेरिका की सबसे घातक सामूहिक गोलीबारी की घटनाओं में से एक है।

