‘ईरान से समझौता लगभग तय’: ट्रंप ने दिए युद्ध खत्म होने के संकेत, तेहरान ने कहा- अभी कुछ भी फाइनल नहीं

अमेरिका और ईरान के बीच चल रहा युद्ध अब खत्म हो सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान के साथ एक बड़ा समझौता लगभग तय हो गया है। ट्रंप ने ईरान पर होने वाले हवाई हमलों को भी रोक दिया है। हालाँकि, ईरान ने अभी इस समझौते को अंतिम मानने से इनकार किया है।

जानकारी के मुताबिक, ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए ये बात कही। उन्होंने कहा कि ईरान के साथ युद्ध खत्म करने का एक बेहतरीन समझौता हुआ है। ट्रंप ने बताया कि उन्होंने ईरान पर होने वाले बड़े हमलों को टाल दिया है।

ट्रंप के इस बयान के बाद दुनिया भर में तेल की कीमतें करीब 4.4% गिर गईं। अब ब्रेंट क्रूड ऑयल के दाम 89 डॉलर प्रति बैरल पर आ गए हैं। ट्रंप ने साफ किया कि इस डील के तहत ईरान कभी परमाणु हथियार नहीं बना पाएगा

ट्रंप ने कहा कि हमारा पूरा मकसद यही था, जो अब पूरा हो रहा है। दस्तावेजों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसके बाद बहुत जल्द यूरोप में इस समझौते पर दस्तखत हो सकते हैं। ट्रंप के मुताबिक, समझौता होते ही ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ का समुद्री रास्ता भी जहाजों के लिए खोल दिया जाएगा।

ईरान और इजरायल का क्या है कहना?

ईरान के विदेश मंत्रालय ने इस खबर को अभी पूरी तरह सच नहीं माना है। ईरान का कहना है कि बातचीत चल रही है, लेकिन अमेरिका अपनी कुछ नाजायज माँगें थोप रहा है। ईरान अपनी रेड लाइन्स से पीछे नहीं हटेगा

दूसरी तरफ, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ट्रंप से बात की है। इजरायल ने कहा है कि वह इस समझौते का हिस्सा नहीं है, लेकिन वह ईरान के परमाणु ठिकाने नष्ट करने और आतंकवाद पर रोक लगाने की शर्तों का समर्थन करता है।

समझौते के दावे और धमकियों का दौर

ट्रंप पिछले कई महीनों से लगातार कह रहे हैं कि ईरान के साथ डील होने वाली है। मजेदार बात यह है कि इस बड़े ऐलान से कुछ घंटे पहले ही ट्रंप ने ईरान को तबाह करने की धमकी दी थी। उन्होंने कहा था कि अमेरिका ईरान पर बहुत बड़ा हमला करने जा रहा है। ट्रंप ने ईरान के मुख्य तेल डिपो ‘खार्ग द्वीप’ पर कब्जा करने की चेतावनी भी दी थी। इसके जवाब में ईरान की सेना ने भी अमेरिका को अंजाम भुगतने की धमकी दी थी।