इससे बचने के लिए ईरान के सरकार ने जनता से अपील की है कि वे पावर प्लांट के चारों ओर मानव श्रृंखला बना लें और हाथ जोड़कर खड़े रहें। ईरान ने खास तौर पर देश के युवाओं, खिलाड़ियों और कलाकारों से अपील की है कि वे घर से बाहर आकर पावर प्लांट को बचाने के लिए जमा हों।
दरअसल राष्ट्रपति ट्रंप ने पहले ही कह दिया है कि अगर समझौता नहीं होता है तो ईरान का हर पुल और पावर प्लांट टारगेट पर होगा। सभी एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन पर हमला होगा। ईरान को पूरी तरह बर्बाद करने के लिए सबसे बड़ा हमला करने के लिए अमेरिका और इजरायल तैयार हैं। राष्ट्र्पति ट्रंप ने कहा था कि ईरान पाषाण युग में लौट जाएगा। अमेरिकी हमले के दौरान खारेपानी को पीने लायक संयत्रों पर भी लगातार हमले हो रहे हैं। इससे लोगों को पीने का साफ पानी मिलने में दिक्कत आ रही है।
ईरान के स्थानीय समय के मुताबिक, डेडलाइन बुधवार सुबह 3.30 बजे की है। ईरान ने अपने लोगों को कौमी एकता प्रदर्शित करने का आह्वान किया है। वहीं इजरायल ने ईरान के लोगों को घरों में रहने और ट्रेनों से सफर नहीं करने को कहा है। इजरायल का कहना है कि अगले 12 घंटे ट्रेन का इस्तेमाल न करें और रेल की पटरियों से भी दूर रहें।
इजरायल की सेना ने मंगलवार 7 अप्रैल 2026 को एक्स पर लिखा, “प्रिय नागरिकों, आपकी सुरक्षा के लिए हम आपसे अपील करते हैं कि अभी से लेकर रात 9 बजे (ईरान समय) तक पूरे देश में ट्रेन से यात्रा न करें। ट्रेन और रेलवे लाइनों के पास आपकी मौजूदगी आपकी जान के लिए खतरा हो सकती है।”
राष्ट्र्रपति ट्रंप ने अमेरिका समय के मुताबिक होर्मुज खोलने के लिए मंगलवार रात 8 बजे तक का वक्त ईरान को दिया है। ट्रंप ने कहा है कि ईरान एक रात में तबाह हो सकता है। अगर समझौता नहीं होता है तो मंगलवार की रात ईरान पर भारी है।

