‘सपा राज में था अपराध और कर्फ्यू कल्चर’: विधानसभा में गरजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कहा- अब भयमुक्त यूपी, बेटियाँ सुरक्षित

उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के पाँचवें दिन राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दो घंटे से अधिक समय तक सदन को संबोधित किया।

अपने जवाब में उन्होंने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा के मुद्दे को सबसे ऊपर रखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने अपराध और अव्यवस्था से अनुशासन की ओर यात्रा की है। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि अब प्रदेश में कर्फ्यू कल्चर नहीं, बल्कि जीरो टॉलरेंस कल्चर लागू है।

मुख्यमंत्री ने कहा की आज उत्तर प्रदेश में भय का वातावरण खत्म हो चुका है। उन्होंने कहा कि पहले पुलिस का मनोबल टूटा हुआ था, बेटियाँ और व्यापारी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करते थे, लेकिन अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं।

‘अब यूपी में भय नहीं, कानून का राज’

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज प्रदेश में अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति लागू है। रिकॉर्ड पुलिस भर्तियाँ की गई हैं और आधुनिक पुलिसिंग पर जोर दिया गया है। साइबर क्राइम से निपटने के लिए मजबूत साइबर और फॉरेंसिक इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया गया है।

उन्होंने कहा कि पहले दंगों के लिए बदनाम उत्तर प्रदेश आज उत्सव और आस्था का प्रदेश बन गया है। उपद्रव से उत्सव की यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अब हर जिले में लोग आस्था के साथ जाते हैं, भय के साथ नहीं। संगठित अपराध पर नियंत्रण का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष भी इसे स्वीकार कर चुका है।

बेटियों की सुरक्षा पर सीएम योगी का जोर

मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि बेटियों की सुरक्षा भारतीय जनता पार्टी की सरकार में ही संभव है। उन्होंने डबल इंजन सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि जहाँ भाजपा की सरकार है, वहाँ सुरक्षा की गारंटी है। नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय का नाम लेते हुए उन्होंने कहा कि अब वे भी अपनी बेटी को रात 12 बजे सुरक्षित कहीं भी ले जा सकते हैं।

सीएम योगी ने कहा कि यह नौ वर्षों की यात्रा अविश्वास से आत्मविश्वास की यात्रा है। उनके मुताबिक, उत्तर प्रदेश आज कानून के राज, मजबूत सुरक्षा व्यवस्था और महिला सशक्तिकरण के नए दौर में प्रवेश कर चुका है।