खौफ का सफर खत्म… Ex मुस्लिम सलीम को चाकू से गोदने वाले जीशान को UP पुलिस ने किया ढेर, CM योगी ने दी थी चेतावनी

उत्तर प्रदेश पुलिस ने गाजियाबाद के लोनी में एक्स मुस्लिम और यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर जानलेवा हमला करने वाले जीशान को मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। शुक्रवार (27 फरवरी 2026) की सुबह जीशान और उसके एक साथी ने सलीम पर चाकू और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए थे। सलीम को दिल्ली के जीटीबी (GTB) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ वे जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।

UP पुलिस ने बताया है कि एनकाउंटर के दौरान जीशान को दो गोलियाँ लगी थीं। पुलिस ने लिखा, “सलीम वास्तिक उर्फ वास्तविक पर हमला करने वाले 1 लाख रुपए के इनामी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया, जिसे उपचार के दौरान चिकित्सक द्वारा मृत घोषित किया गया है।” पुलिस ने बताया कि आरोपित के पास से 1 मेड इन इटली पिस्टल और सलीम वास्तिक पर जानलेवा हमला किए जाने में इस्तेमाल किया गया पेपर कटर बरामद हुआ है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सलीम पर हमला करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही थी और अगले ही दिन जीशान को मुठभेड़ में ढेर कर दिया गया। सीएम योगी ने कड़े शब्दों में कहा कि उत्तर प्रदेश में आतंक या अराजकता के लिए कोई जगह नहीं है और इस मामले में कानून सख्ती से अपना काम करेगा। उनके निर्देश पर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 10 टीमें गठित की गई हैं।

हमलावरों तक पहुँचने के लिए पुलिस ने 100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली है जिनमें संदिग्धों को घटनास्थल पर आते और वहाँ से जाते हुए देखा गया है। हमलावर दिल्ली से लोनी बाॅर्डर होते हुए लोनी में आए थे और वारदात के बाद इसी रास्ते से फरार हो गए।