उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर में 15 वर्षीय गोपाल शर्मा की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गोपाल शर्मा का शव 22 मई 2026 को गंभीर स्थिति में जेवर थाना क्षेत्र उसके गाँव बनवारी बाँस से 4 किलोमीटर दूर दूसरे गाँव में मिला था। अब पुलिस ने गोपाल शर्मा के 3 हत्यारों को एनकाउंटर के बाद पकड़ लिया है।
ग्रेटर नोएडा के DCP ने X पर लिखा कि 15 वर्षीय बालक की हत्या की घटना का सफल अनावरण कर दिया गया है। उन्होंने लिखा, “थाना जेवर क्षेत्रांतर्गत ग्राम बनवारीवास में 15 वर्षीय बालक की हत्या करने वाले अभियुक्तों के बीच हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान 03 हत्यारोपी अभियुक्तों को घायल अवस्था में किया गिरफ्तार।”

बनवारी बाँस गाँव के रहने वाले रवि भूषण उर्फ बंटी का बेटा गोपाल 21 मई से लापता था और 22 मई को उसका शव मिला था। पिता ने दावा किया था, “बेटे का प्राइवेट पार्ट काट लिया गया, हाथों में कील गाड़ दी गई, तेजाब डाला और उसके ऊपर पेशाब किया है।” उन्होंने आरोपितों का एनकाउंटर किए जाने की माँग की थी।
वहीं, ग्रेटर नोएडा के DCP प्रवीण रंजन सिंह ने ऑपइंडिया से बातचीत में कहा कि बच्चे के शव का पोस्टमार्टम किया गया है, उसकी वीडियोग्राफी हुई है और उसमें वीभत्सता जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। इस पूरी रिपोर्ट को आप इस लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं।

