उत्तर प्रदेश के लखनऊ यूनिवर्सिटी में जूलॉजी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ परमजीत सिंह के दो ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने उन्हे हिरासत में ले लिया है। वायरल ऑडियो में प्रोफेसर छात्रा से कहते सुनाई दे रहे हैं, “डार्लिंग, तुम्हारे लिए दोनों पेपर आउट कर रखे हैं, एग्जाम से पहले आ जाओ।”
इतना ही नहीं, प्रोफेसर छात्रा पर मिलने का दबाव भी बनाते सुनाई दे रहे हैं। मामला सामने आने के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन और पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। पुलिस ने आरोपित प्रोफेसर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मैं तुम पर फिदा हूँ, प्रोफेसर ने छात्रा से कही ये बातें
वायरल ऑडियो में प्रोफेसर छात्रा से कहते हैं, “मैं तुम पर फिदा हूँ, मुझे डिच मत करना प्लीज।” बातचीत के दौरान वह बार-बार छात्रा को मिलने के लिए बुलाते हैं और कहते हैं, “तुम्हारे लिए इम्यूनो जेनेटिक्स और जीनोमिक्स दोनों पेपर आउट कर रखे हैं।” प्रोफेसर यह भी कहते सुनाई देते हैं, “मैंने तुम्हारे लिए MSc, PhD और स्टैनफोर्ड तक सबकुछ रेडी कर दिया है।”
ऑडियो में प्रोफेसर छात्रा से यह भी कहते हैं, “जब मैं कॉल करूँ तो कॉल उठा लिया करो, मैं बहुत अटैच हूँ तुम्हारे साथ इमोशनली।” वहीं छात्रा कई बार घर की परेशानी और मजबूरी की बात करती सुनाई देती है। इसके बाद छात्रा कहती है, “मुझे पेपर नहीं चाहिए, ये मुझे फिर से मोलेस्ट करना चाहते हैं।”
FIR दर्ज, पुलिस जाँच और यूनिवर्सिटी का एक्शन
ऑडियो वायरल होने के बाद कैंपस में छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। ABVP समेत कई छात्र संगठनों ने आरोपित प्रोफेसर की गिरफ्तारी और बर्खास्तगी की माँग की है। मामले को गंभीर मानते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने हसनगंज थाने में FIR दर्ज कराने के लिए शिकायत दी।
शिकायत में कहा गया कि प्रोफेसर ने छात्रा को अनुचित प्रस्ताव दिए और परीक्षा के पेपर आउट करने की बात कही, जो परीक्षा की गोपनीयता और छात्रा की गरिमा के खिलाफ है। पुलिस ने आरोपित प्रोफेसर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और ऑडियो की फॉरेंसिक जाँच भी कराई जा रही है।
वहीं विश्वविद्यालय की इंटरनल कंप्लेंट कमेटी (ICC) भी मामले की जाँच कर रही है। कुलपति प्रो जेपी सैनी ने 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। यूनिवर्सिटी प्रशासन का कहना है कि छात्रों की सुरक्षा और परीक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

