उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में धर्म परिवर्तन और नमाज पढ़ने का दबाव डालकर युवतियों के शोषण का मामला सामने आया है। जिम की आड़ में यह पूरा नेटवर्क चलाए जाने का आरोप है। पुलिस ने इस मामले में मो शेख अली आलम, फैजल खान, जहीर खान और शादाब को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश और पूछताछ जारी है।
पीड़ित युवतियों के अनुसार, शहर के अलग-अलग इलाकों में संचालित KGN और आयरन फायर नामक जिमों में वे व्यायाम के लिए जाती थीं। यहाँ जिम संचालक और ट्रेनर पहले उनसे दोस्ती करते, फिर प्रेम जाल में फँसाकर धीरे-धीरे धर्म परिवर्तन और नमाज पढ़ने का दबाव बनाने लगते थे।
आरोप है कि युवतियों के निजी फोटो और वीडियो बनाए गए, जिनके जरिए उन्हें ब्लैकमेल कर मानसिक, शारीरिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित किया गया। विरोध करने पर बदनाम करने और नुकसान पहुँचाने की धमकियाँ दी जाती थीं। पुलिस जाँच में सामने आया है कि आरोपित युवतियों से अलग-अलग मौकों पर पैसे भी वसूलते थे।
पीड़िताओं की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने चारों जिमों को सील कर दिया है। गिरफ्तार आरोपितों में तीन सगे भाई हैं जबकि चौथा उनका बहनोई बताया जा रहा है। एसपी सिटी नितेश सिंह और एएसपी ऑपरेशन मनीष कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की हर पहलू से गहन जाँच की जा रही है।

