UP पुलिस में इस साल होंगी 1 लाख नई भर्तियाँ: CM योगी ने किया ऐलान, कहा- हर योग्य नौजवान को देंगे अच्छे अवसर

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार (28 अप्रैल 2026) को राजधानी लखनऊ में एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि यूपी पुलिस में इस वर्ष करीब एक लाख नई भर्तियाँ की जाएँगी। उन्होंने कहा कि इसमें होमगार्ड, सिविल पुलिस, एसआई की भर्ती होगी और यह प्रकिया तेजी से आगे बढ़ रही है।

दरअसल, सीएम योगी ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश पुलिस दूरसंचार विभाग के लिए चयनित 936 प्रधान परिचालक/प्रधान परिचालक (यांत्रिक) को नियुक्ति-पत्र वितरण किए। इस मौके पर उन्होंने कहा, “नई भर्तियाँ किए जाने का उद्देश्य यही है कि हर उस नौजवान को जो योग्य है, क्षमतावान है, स्वतस्फूर्त भाव के साथ UP पुलिस बल का हिस्सा बनना चाहता है। उसके लिए अच्छा अवसर पुलिस भर्ती बोर्ड उपलब्ध कराएगा।”

इस दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले 9 वर्षों में 2 लाख 20 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती निष्पक्ष तरीके से की गई है। उन्होंने इसे रिकॉर्ड बताते हुए कहा कि बहुत सारे राज्यों की पुलिस बल की कुल संख्या ही 2.20 लाख नहीं होगी। साथ ही, उन्होंने कहा कि हाल ही में 60000 सिपाही यूपी पुलिस का हिस्सा बने हैं और इस पूरी प्रक्रिया में किसी को भी सिफारिश कराने की जरूरत नहीं पड़ी।

इसके अलावा उन्होंने पिछली सरकारों पर भी वार किया। उन्होंने कहा, “आज से 9 साल पहले एक संकट था। कहाँ ट्रेनिंग होगी? एक बार में सिर्फ 3,000 पुलिसकर्मियों को ट्रेनिंग देने की क्षमता थी, लेकिन हालात अब बदल चुके हैं। साल 2025 में 60,244 सिपाहियों की भर्ती हुई। इन सभी को यूपी में ही एक साथ ट्रेनिंग दी गई।” सीएम योगी ने कहा, “इससे साबित हुआ कि अगर नीयत साफ हो और नीति स्पष्ट हो, तो परिणाम लाया जा सकता है।”