उत्तराखंड के उधम सिंह नगर के जसपुर में महाशिवरात्रि जैसे पवित्र अवसर पर एक बेहद आपत्तिजनक और भड़काऊ घटना सामने आई। अब्दुलवारी चौक के पास एक घर की छत से कुछ मुस्लिम बच्चों ने जल लेकर जा रहे काँवड़ियों पर पहले फ्रूटी के खाली पैकेट फेंके और फिर लकड़ियाँ भी बरसाईं। आस्था की यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं के साथ की गई इस हरकत का वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, पूरे इलाके में गुस्सा भड़क उठा और तनाव का माहौल बन गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वीडियो सामने आते ही भाजपा कार्यकर्ता और हिंदूवादी संगठनों से जुड़े लोग सीधे कोतवाली पहुँच गए। दूसरी ओर मुस्लिम पक्ष के लोग भी वहाँ जमा हो गए। कुछ समय के लिए दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और हालात बिगड़ने की कगार पर पहुँच गए। स्थिति इतनी गरमा गई कि पुलिस को तत्काल हस्तक्षेप करना पड़ा, वरना मामला हाथ से निकल सकता था।
पुलिस ने संबंधित बच्चों और उनके अभिभावकों को कोतवाली बुलाकर पूछताछ की और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया, तब जाकर माहौल कुछ शांत हुआ। भाजपा नेता शीतल जोशी ने आरोप लगाया कि यह हरकत सुनियोजित थी और काँवड़ यात्रा में बाधा डालने की मंशा से की गई। उन्होंने दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की माँग की है। पुलिस ने जाँच के लिए दो दिन का समय लिया है और कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है।

