उत्तराखंड के खटीमा में लव जिहाद मामले में पुलिस ने आरोपित शहनवाज को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर आरोप है कि उसने खुद को हिंदू बताकर 19 वर्षीय हिंदू युवती से दोस्ती की और बाद में उस पर शारीरिक संबंध और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। पुलिस ने मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, वह नगर के एक मेडिकल स्टोर में काम करती थी, जहाँ आरोपित उसका सहकर्मी था। आरोपित ने अपना नाम सोनू बताते हुए खुद को हिंदू बताया और धीरे-धीरे उससे नजदीकियाँ बढ़ाईं। भरोसा जीतने के बाद आरोपित ने युवती को 18 जनवरी 2026 को खटीमा के एक होटल में बुलाया।
होटल में खुली सच्चाई तो डाला धर्मांतरण का दबाव
होटल में आरोपित का आधार कार्ड देखने पर युवती को उसके असली नाम शहनवाज और धर्म की जानकारी मिली। आरोप है कि इसके बाद आरोपित ने युवती पर शारीरिक संबंध बनाने और धर्म बदलने का दबाव बनाया। स्थिति बिगड़ती देख युवती किसी तरह वहाँ से निकलकर सीधे खटीमा थाने पहुँची और पुलिस को पूरी घटना बताई।
गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
कोतवाली खटीमा के प्रभारी विजेंद्र शाह ने जानकारी देते हुए बताया कि पीड़िता की तहरीर पर शहनवाज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 (4), 62 और 64 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया और कोर्ट में बयान भी दर्ज कराए गए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित टीम ने 19 जनवरी 2026 को आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपित के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जाँच कर रही है।

