पश्चिम बंगाल के आसनसोल में कॉन्ग्रेस के एक कार्यकर्ता की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई है। मृतक की पहचान 43 वर्षीय देबदीप चटर्जी के रूप में हुई है, जो पेशे से शेयर ट्रेडर थे। परिजनों और कॉन्ग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया है कि तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) के गुंडों ने बेरहमी से पीट-पीट कर उनकी हत्या की है।
मृतक की पत्नी ने बताई घटना की आँखों देखी
देबदीप चटर्जी की पत्नी पियाली चटर्जी के मुताबिक, “हम लोग शनिवार तड़के करीब 1 बजे एक जन्मदिन पार्टी से लौट रहे थे। मेरे पति गाड़ी चला रहे थे। जैसे ही हम अपने हाउसिंग कॉम्प्लेक्स के सामने पहुँचे, हमारी कार से सड़क किनारे खड़ी एक मोटरसाइकिल टकरा गई।”
उन्होंने बताया, “वहाँ बैठे कुछ स्थानीय युवक आए और गाड़ी रोक ली। मेरे पति गाड़ी से उतरकर माफी माँगने लगे, लेकिन वे झगड़ा करने लगे। मेरे पति ने कहा कि वे स्थानीय कॉन्ग्रेस नेता और हाउसिंग सोसाइटी के सचिव प्रोसेनजीत पुइतांडी को बुला लेंगे क्योंकि घटना हमारे घर के सामने हुई थी।”
पियाली ने कहा, “इसके बाद स्थिति अचानक बिगड़ गई। युवकों ने मेरे पति को पीटना शुरू कर दिया। मैं और मेरा बेटा हाथ जोड़कर उनसे छोड़ने की गुहार लगाते रहे, लेकिन वे मारते रहे।” घटना के बाद देबदीप को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बंगाल में TMC का गुंडाराज चल रहा है: राहुल गाँधी
घटना को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गाँधी ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने X पर लिखा, “कॉन्ग्रेस के कार्यकर्ता देबदीप चटर्जी की चुनाव बाद TMC से जुड़े गुंडों द्वारा की गई हत्या बेहद निंदनीय है। पश्चिम बंगाल में आज लोकतंत्र नहीं, TMC का गुंडा राज चल रहा है। वोट के बाद विरोधी आवाजों को डराना, मारना, मिटाना, यही TMC का चरित्र बन चुका है।”
कांग्रेस के कार्यकर्ता देबदीप चटर्जी की चुनाव बाद TMC से जुड़े गुंडों द्वारा की गई हत्या बेहद निंदनीय है। शोकाकुल परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) April 26, 2026
पश्चिम बंगाल में आज लोकतंत्र नहीं, TMC का गुंडा राज चल रहा है। वोट के बाद विरोधी आवाज़ों को डराना, मारना, मिटाना – यही TMC का… https://t.co/kQn4T9deL0
स्थानीय कॉन्ग्रेस नेताओं का आरोप है कि हमलावर TMC पार्षद अनिमेश दास के करीबी हैं। वहीं, अनिमेश दास का कहना है कि वे शहर से बाहर हैं और उन्हें घटना की कोई जानकारी नहीं है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

